डीएमआरसी ने येलो लाइन पर चलाई ‘हर घर तिरंगा’ थीम वाली मेट्रो
नई दिल्ली, 09 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली मेट्रो ने रविवार को 80वें स्वतंत्रता दिवस के जश्न के तहत आयोजित हफ्ते भर चलने वाले कार्यक्रमों के हिस्से के तौर पर 'हर घर तिरंगा' थीम वाली खास मेट्रो ट्रेन पेश की। यह ट्रेन दिल्ली मेट्रो नेटवर्क की येलो लाइन पर चल रही है। यह जानकारी दिल्ली मेट्रो कारपोरेशन लिमिटेड (डीएमआरसी) ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर साझा की।
इस साल 'हर घर तिरंगा' अभियान भारत के राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम' के 150वें साल के खास मौके को भी मना रहा है। सभी नागरिकों को गर्व के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराने और डिजिटल कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसी अभियान के तहत दिल्ली मेट्रो ने 'हर घर तिरंगा' थीम वाली मेट्रो ट्रेन येलो लाइन पर पेश की है।
'हर घर तिरंगा' अभियान का उद्देश्य लोगों को तिरंगा घर लाने और भारत की स्वतंत्रता के उपलक्ष्य में इसे फहराने के लिए प्रोत्साहित करना है। यह इस विचार से प्रेरित था कि राष्ट्रीय ध्वज के साथ हमारा संबंध हमेशा से व्यक्तिगत से अधिक औपचारिक और संस्थागत रहा है। इसलिए, एक राष्ट्र के रूप में सामूहिक रूप से ध्वज को घर लाना न केवल तिरंगे के साथ व्यक्तिगत जुड़ाव का प्रतीक बन गया बल्कि राष्ट्र निर्माण के प्रति हमारी सामूहिक प्रतिबद्धता का भी प्रतीक बन गया।
-----
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव