गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल में स्थापित होगा मेडिकल कॉलेज

 




नई दिल्ली, 09 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली सरकार रघुबीर नगर स्थित गुरु गोबिंद सिंह गवर्नमेंट हॉस्पिटल (जीजीएसजीएच) में एक मेडिकल कॉलेज स्थापित कर रही है। जिसमें एमबीबीएस की 150 सीटें और पोस्टग्रेजुएट (पीजी) की 40 सीटें होंगी। यह मेडिकल कॉलेज 1322 बेड वाले एक व्यापक स्वास्थ्य परिसर का हिस्सा होगा, जो वेस्ट दिल्ली में चिकित्सा शिक्षा, विशेष उपचार और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ पंकज कुमार सिंह ने एक विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा कि दिल्ली सरकार एक बेहद मजबूत स्वास्थ्य सेवा तंत्र बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, जिसमें गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा के साथ-साथ सुलभ और उन्नत उपचार सुविधाएं शामिल हों। इस मेडिकल कॉलेज की स्थापना और इससे जुड़े अस्पतालों का विस्तार लोगों की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को पूरा करने और भविष्य के लिए स्वास्थ्य सेवाओं की क्षमता बढ़ाने के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) के दिशानिर्देशों के अनुसार मौजूदा अस्पताल परिसर में लगभग 13 एकड़ क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल बनाया जाएगा। इससे जुड़े हेल्थकेयर इंफ्रास्ट्रक्चर में 472 बिस्तरों वाला एक समर्पित 'मातृ एवं शिशु अस्पताल' और 850 बिस्तरों वाला एक 'जनरल अस्पताल' शामिल होगा, जिन्हें रघुबीर नगर में विकसित किया जा रहा है।

यह विस्तार विशेष रूप से महत्वपूर्ण है क्योंकि गुरु गोबिंद सिंह सरकारी अस्पताल वर्तमान में वेस्ट दिल्ली की लगभग 10 लाख लोगों की आबादी को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करता है। इस बुनियादी ढांचे के विस्तार से इस क्षेत्र के लोगों के लिए विशेष चिकित्सा सेवाओं, आपातकालीन उपचार और क्रिटिकल केयर तक पहुंच और मजबूत होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव