कार्य के प्रति ईमानदारी और स्पष्टता से मिलती है सफलता : कामाख्या नारायण सिंह
नई दिल्ली, 09 अप्रैल (हि.स.)। राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्म निर्देशक एवं निर्माता कामाख्या नारायण सिंह ने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए कार्य के प्रति ईमानदारी और लक्ष्य के प्रति स्पष्टता अत्यंत आवश्यक है। वह डॉ. भीमराव अंबेडकर महाविद्यालय में आयोजित मीडिया फेस्ट को संबोधित कर रहे थे।
हिंदी पत्रकारिता एवं जनसंचार पाठ्यक्रम तथा हिंदी विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में फिल्म निर्देशक कामाख्या नारायण सिंह ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि गुवाहाटी से दिल्ली आने के दौरान उन्होंने पहले ही तय कर लिया था कि उन्हें फिल्म निर्देशन के क्षेत्र में ही आगे बढ़ना है। उन्होंने छात्रों को सलाह दी कि अपने लक्ष्यों को लेकर स्पष्ट रहें और पूरी ईमानदारी से कार्य करते रहें।
उन्होंने कहा कि कॉलेज के दौरान बने संबंध जीवनभर महत्वपूर्ण होते हैं और इन्हें निस्वार्थ भाव से निभाना चाहिए, क्योंकि यही लोग कठिन समय में साथ खड़े रहते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि आज फिल्म निर्माण का क्षेत्र व्यापक हो चुका है और मोबाइल फोन के माध्यम से भी गुणवत्तापूर्ण फिल्में बनाई जा सकती हैं।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सदानंद प्रसाद ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि यह मीडिया फेस्ट विद्यार्थियों को रचनात्मक अभिव्यक्ति के लिए सशक्त मंच प्रदान करता है। उन्होंने बताया कि संस्थान के पूर्व छात्र मीडिया, सिनेमा और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर चुके हैं।
कार्यक्रम संयोजक प्रो. शशि रानी ने कहा कि अपने ही विद्यार्थियों को अतिथि के रूप में स्वागत करना गर्व का विषय है। उन्होंने महिला शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि एक शिक्षित महिला पूरे समाज को जागरूक बना सकती है।
मीडिया फेस्ट के दौरान शॉर्ट मूवी, डॉक्यूमेंट्री, न्यूज रिपोर्टिंग एवं एंकरिंग, ऑन-द-स्पॉट मोबाइल फोटोग्राफी और प्रेस विज्ञप्ति लेखन जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
पाठ्यक्रम संयोजक प्रो. बिजेंद्र कुमार ने कार्यक्रम को भावुक क्षण बताया। उन्होंने कहा कि पूर्व विद्यार्थियों की उपस्थिति से महाविद्यालय परिवार गौरवान्वित महसूस कर रहा है। इस अवसर पर फिल्म, मीडिया और शिक्षा जगत से जुड़ी कई हस्तियां, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी