एमसीडी ने दिल्ली के पश्चिमी जोन और उत्तर-पूर्वी जोन में स्वच्छता ही सेवा गतिविधियों को किया तेज

 


नई दिल्ली, 19 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) द्वारा स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत शनिवार को राजधानी में व्यापक स्वच्छता एवं सफाई गतिविधियां जारी रखी गईं। इस दौरान संवेदनशील क्षेत्रों, जेजे क्लस्टरों, प्रमुख मार्गों, सेंट्रल वर्ज तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता व्यवस्था में सुधार पर विशेष ध्यान दिया गया।

पश्चिमी जोन द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता एवं सफाई अभियान चलाए गए। सेंट्रल वर्ज की विशेष सफाई के लिए अभियान चलाया गया, जिसके तहत प्रमुख मार्गों से जमा कचरे को हटाया गया। पंजाबी बाग स्थित जेजे क्लस्टर तथा रघुबीर नगर स्थित जेजे कॉलोनी में भी विशेष सफाई अभियान चलाए गए तथा घनी आबादी वाले क्षेत्रों में स्वच्छता एवं कचरा उठाने पर विशेष ध्यान दिया गया। इसके अतिरिक्त, राजौरी गार्डन से ककरोला मोड़ तक नजफगढ़ रोड पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया, ताकि प्रमुख सड़क मार्ग पर स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके।

अन्य जोनों में उत्तर-पूर्वी जोन द्वारा सभी वार्डों में सफाई कर्मचारियों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए गए। पूर्वी जोन में आनंद विहार क्षेत्र में गहन सफाई एवं अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया गया। उत्तरी जोन द्वारा समयपुर बादली क्षेत्र में रेलवे लाइन की सफाई की गई। दक्षिण-पश्चिमी जोन में भी विभिन्न स्वच्छता एवं जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं, जिनमें सामुदायिक शौचालयों की गहन सफाई तथा सेक्टर-3, द्वारका की झुग्गी बस्ती में आईईसी गतिविधि शामिल रही। इस दौरान स्वच्छता, कचरे के उचित पृथक्करण एवं जिम्मेदारीपूर्वक निस्तारण के संबंध में स्थानीय निवासियों को जागरूक किया गया।

अभियान के तहत सफाई कर्मचारियों के लिए 13 वार्ड स्तरीय स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए गए। इसके अलावा, 13 वार्डों में प्रशिक्षण एवं जागरूकता सत्र आयोजित किए गए, जिनमें लगभग 1,500 सफाई कर्मचारियों ने भाग लिया। 32 सामुदायिक शौचालय इकाइयों से 23.2 मीट्रिक टन कचरा उठाया गया, जबकि 20 क्लीनलिनेस टारगेट यूनिट्स को समाप्त किया गया। बाजार क्षेत्रों में भी गहन सफाई अभियान चलाए गए। 22 बाजारों में रात्रिकालीन सफाई अभियान के दौरान प्रतिदिन लगभग 5.7 मीट्रिक टन कचरा उठाया गया।

एमसीडी द्वारा स्वच्छता ही सेवा 2026 के तहत सभी 12 जोनों में स्वच्छता, सफाई, अपशिष्ट प्रबंधन एवं जन-जागरूकता गतिविधियां निरंतर जारी हैं। इन गतिविधियों के जरिए स्वच्छता मानकों में सुधार, स्रोत स्तर पर कचरे के पृथक्करण एवं उचित निस्तारण को बढ़ावा देने तथा दिल्ली के सार्वजनिक स्थलों को अधिक स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी