एमसीडी वार्ड समिति चुनाव में कांग्रेस ने भाजपा का साथ दिया : सौरभ भारद्वाज
नई दिल्ली, 15 जुलाई (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने एमसीडी वार्ड समिति चुनाव में कांग्रेस पर भाजपा का साथ देने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि दक्षिण जोन में कांग्रेस पार्षदों के वोट भाजपा को मिलने से एक बार फिर दिल्ली में कांग्रेस का हाथ भाजपा के साथ दिखाई दिया।
सौरभ भारद्वाज ने बुधवार को एक बयान में कहा कि दक्षिण जोन में आम आदमी पार्टी और भाजपा के 10-10 पार्षद थे, जबकि कांग्रेस के दो पार्षद थे। इसके बावजूद चुनाव परिणाम में भाजपा को 12 और आम आदमी पार्टी को 10 वोट मिले। उन्होंने कहा कि इससे स्पष्ट है कि कांग्रेस के दोनों वोट भाजपा के पक्ष में गए। भारद्वाज ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से अपील की कि वह इस मामले में दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव से जवाब मांगें।
इस दौरान एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने रोहिणी और करोलबाग जोन में अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पदों पर जीत दर्ज कर भाजपा को राजनीतिक संदेश दिया है। उन्होंने बताया कि करोलबाग जोन में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और स्थायी समिति सदस्य के पद पर तथा रोहिणी जोन में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर पार्टी उम्मीदवार विजयी रहे। इसके अलावा पश्चिम और सिटी एसपी जोन में उपाध्यक्ष पद पर भी आम आदमी पार्टी के उम्मीदवारों ने जीत हासिल की।
अंकुश नारंग ने कहा कि रोहिणी जोन में आम आदमी पार्टी की जीत संगठन की एकजुटता और जनता के विश्वास का प्रमाण है। उन्होंने सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि पार्टी दिल्लीवासियों के हितों और बेहतर नागरिक सुविधाओं के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।
भाजपा में शामिल हुए पार्षद विकास टांक के संबंध में पूछे गए प्रश्न पर अंकुश नारंग ने कहा कि उनके पार्टी छोड़ने से आम आदमी पार्टी पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि विकास टांक को अपने मतदाताओं और दलित समाज के प्रति जवाब देना चाहिए कि उन्होंने पार्टी क्यों छोड़ दिया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक ऋतुराज गोविंद झा, एमसीडी सह-प्रभारी प्रवीण कुमार, प्रीति डोंगरा सहित पार्टी के कई निगम पार्षद और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी