एमसीडी ने करोल बाग जोन में अनधिकृत निर्माण एवं आवासीय संपत्तियों के दुरुपयोग के विरुद्ध कार्रवाई को किया तेज
नई दिल्ली, 27 जुलाई (हि.स.)। अनधिकृत निर्माण एवं आवासीय संपत्तियों के दुरुपयोग के विरुद्ध अपने निरंतर प्रवर्तन अभियान के तहत, दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने सोमवार को करोल बाग जोन के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक ध्वस्तीकरण (डिमोलिशन) एवं सीलिंग अभियान चलाया।
यह कार्रवाई भवन विभाग द्वारा दिल्ली नगर निगम अधिनियम तथा प्रचलित भवन उपविधियों के प्रावधानों के अनुरूप की गई।
अभियान के दौरान एमसीडी ने पंजाबी बाग क्षेत्र में अनधिकृत निर्माण के विरुद्ध ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की, जिसमें अवैध रूप से किए गए संरचनात्मक विस्तार को हटाया गया। इस कार्रवाई के तहत भूतल पर बनी अनधिकृत आरसीसी छत (रूफ स्लैब) के पैनलों को तोड़ा गया, गैस कटर की सहायता से सरियों (रीइन्फोर्समेंट बार) को काटा गया तथा प्रथम तल पर निर्मित अनधिकृत दीवारों एवं स्तंभों (कॉलम) को ध्वस्त किया गया। यह कार्रवाई स्थानीय पुलिस एवं एमसीडी के ध्वस्तीकरण दस्ते के सहयोग से शांतिपूर्वक संपन्न हुई।
इसी क्रम में एमसीडी ने ईस्ट पटेल नगर, वेस्ट पटेल नगर, साउथ पटेल नगर तथा रंजीत नगर क्षेत्रों में आवासीय संपत्तियों के दुरुपयोग के विरुद्ध व्यापक सीलिंग अभियान भी चलाया।
इस अभियान के दौरान भूमि उपयोग एवं भवन संबंधी नियमों के उल्लंघन के मामलों में 11 संपत्तियों को विभिन्न प्रवेश एवं निकास बिंदुओं से सील किया गया। इनमें बेसमेंट एवं भूतल पर आवासीय परिसरों का अनधिकृत व्यावसायिक उपयोग पाए जाने पर कार्रवाई की गई। इन परिसरों में आवासीय संपत्तियों से व्यावसायिक प्रतिष्ठान तथा पुस्तकालय संचालित किए जा रहे थे।
एमसीडी ने दोहराया कि स्वीकृत भवन योजनाओं एवं भूमि उपयोग संबंधी नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। निगम दिल्ली के सभी जोन में अनधिकृत निर्माण एवं आवासीय परिसरों के दुरुपयोग के विरुद्ध नियोजित शहरी विकास एवं जनहित में इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रखेगा।
एमसीडी ने सभी संपत्ति स्वामियों एवं निवासियों से अपील की है कि वे निर्धारित भवन एवं भूमि उपयोग संबंधी नियमों का पूर्णतः पालन करें। दिल्ली नगर निगम अधिनियम एवं अन्य लागू नियमों के किसी भी उल्लंघन पर आवश्यकतानुसार ध्वस्तीकरण, सीलिंग तथा अन्य कठोर प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी