स्थायी समिति की बैठक में जनहित से जुड़े कई प्रस्ताव पारित, अधिकारियों को एक सप्ताह में रिपोर्ट देने के निर्देश

 




नई दिल्ली, 19 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम की स्थायी समिति की बैठक में गुरुवार को जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा के बाद कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए। बैठक की अध्यक्षता स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने की। इस दौरान पक्ष और विपक्ष के पार्षदों ने सफाई व्यवस्था, पार्किंग, सामुदायिक भवनों, निगम स्कूलों, आवारा कुत्तों के बंध्याकरण और जर्जर इमारतों सहित विभिन्न नागरिक समस्याओं को उठाया।

बैठक में पिछले बजट में की गई घोषणाओं की प्रगति रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए। रिपोर्ट में अब तक पूरी हुई घोषणाओं, जिनके लिए कार्ययोजना तैयार हो चुकी है और जिन पर कार्ययोजना तैयार की जा रही है, उनका स्पष्ट विवरण देने को कहा गया।

स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने निगम के सभी सामुदायिक भवनों का सर्वे कराने और जर्जर एवं असुरक्षित भवनों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने एक सप्ताह के भीतर सर्वे रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा, ताकि आवश्यक मरम्मत एवं सुधार कार्यों की योजना बनाई जा सके।

इसके अलावा दिल्ली की सभी पार्किंग साइटों का सर्वे कराने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि पार्किंग स्थलों का संचालन नियमानुसार हो और कहीं भी अवैध रूप से पार्किंग शुल्क की वसूली न की जाए। सड़कों पर अनधिकृत पार्किंग रोकने के साथ जनप्रतिनिधियों को निगम की पार्किंग सुविधाओं में नियमानुसार निःशुल्क पार्किंग उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में निगम स्कूलों के आसपास अवैध मीट की दुकानों का मुद्दा भी उठा। अध्यक्ष ने बिना लाइसेंस संचालित दुकानों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं, आवारा कुत्तों के बंध्याकरण अभियान में तेजी लाने और इसे निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप व्यवस्थित तरीके से संचालित करने पर भी जोर दिया गया।

बैंक्वेट हॉल के कारण आसपास के इलाकों में लगने वाले यातायात जाम की समस्या पर चर्चा करते हुए कहा गया कि पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था वाले बैंक्वेट हॉल को ही नियमानुसार लाइसेंस दिया जाए, ताकि सड़कों पर अव्यवस्थित पार्किंग और जाम की समस्या को कम किया जा सके।

बैठक में पार्षदों ने विभिन्न जोनों में कर्मचारियों की कमी, पार्कों के रखरखाव, सामुदायिक भवनों की मरम्मत, स्कूलों की स्थिति और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दे भी उठाए।

स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने कहा कि समिति जनहित से जुड़े विषयों पर चर्चा का महत्वपूर्ण मंच है। बैठक में पार्षदों द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना गया है और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि निगम का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और जनहित से जुड़े विषयों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी