सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने और कर्मचारियों की सुविधाओं पर स्थायी समिति में चर्चा

 


नई दिल्ली, 20 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की स्थायी समिति की बैठक गुरुवार को स्वच्छता व्यवस्था को लेकर आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने की। बैठक में स्थायी समिति के सदस्यों ने दिल्ली को स्वच्छ बनाने, विभिन्न क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को बेहतर करने तथा सफाई कर्मचारियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने से जुड़े मुद्दे उठाए।

बैठक के दौरान सदस्यों ने कहा कि दिल्ली की सफाई व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए जमीनी स्तर पर आवश्यक कदम उठाने की जरूरत है। आम लोगों की ओर से उठाए जा रहे सफाई संबंधी मुद्दों को भी गंभीरता से लेते हुए संबंधित क्षेत्रों में नियमित और बेहतर सफाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

स्थायी समिति के उपाध्यक्ष सतपाल सिंह ने सफाई कर्मचारियों के लिए निर्धारित ड्रेस उपलब्ध कराने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों को नाम-प्लेट भी उपलब्ध कराई जानी चाहिए, जिससे उनकी पहचान आसानी से हो सके और नागरिकों को भी यह पता रहे कि क्षेत्र में तैनात सफाई कर्मचारी कौन है।

वहीं, स्थायी समिति सदस्य हेमचंद्र गोयल ने सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने की मांग की। उन्होंने कहा कि कई क्षेत्रों में कर्मचारियों की संख्या पर्याप्त नहीं होने के कारण सफाई व्यवस्था प्रभावित होती है। ऐसे में आबादी और क्षेत्र की जरूरत के अनुसार सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई जानी चाहिए।

बैठक में सदस्यों ने दिल्ली को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए एमसीडी की सफाई व्यवस्था को मजबूत करने तथा सफाई कर्मचारियों को बेहतर कार्य सुविधाएं देने की आवश्यकता पर जोर दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी