भाजपा पार्षद सत्या शर्मा एक बार फिर मिली एमसीडी स्थायी समिति की कमान, सत्यपाल सिंह बने उपाध्यक्ष

 


नई दिल्ली, 27 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की स्थायी समिति के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के लिए सोमवार को निगम मुख्यालय सिविक सेंटर में चुनाव हुआ। वार्ड संख्या-226 गौतमपुरी से पार्षद सत्या शर्मा स्थायी समिति के अध्यक्ष पद के लिए तथा वार्ड संख्या-248 करावल नगर वेस्ट से पार्षद सत्यपाल सिंह स्थायी समिति के उपाध्यक्ष पद के लिए निर्विरोध निर्वाचित हुए।

निर्वाचन के उपरांत सत्या शर्मा ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए अपना विजन बताते हुए कहा कि आगामी कार्यकाल की कार्ययोजना पांच प्रमुख संकल्पों पर आधारित होगी। जिसमें स्वच्छ, स्वस्थ, शिक्षित, सुशासन दिल्ली और सशक्त निगम के साथ कार्य किया जाएगा।

सत्या शर्मा ने कहा कि पिछले कार्यकाल की तरह इस बार भी स्थायी समिति को स्वस्थ एवं सकारात्मक संवाद का मंच बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि समिति में पक्ष और विपक्ष के सभी पार्षदों को समान रूप से अपनी बात रखने का पूरा अवसर दिया जाएगा तथा प्रत्येक जनहित विषय पर लोकतांत्रिक एवं सार्थक चर्चा सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि उनके आगामी कार्यकाल की सबसे बड़ी प्राथमिकता वर्ष 2022 के एमसीडी चुनाव के दौरान भारतीय जनता पार्टी द्वारा दिल्ली की जनता से किए गए वादों को धरातल पर उतारना तथा जनहित के विकास कार्यों को गति देना होगा। उन्होंने कहा कि पिछले वित्तीय वर्ष में स्थायी समिति के बजट में घोषित जनहितकारी योजनाओं एवं विकास परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।

उन्होंने कहा कि दिल्ली में भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार के समन्वित प्रयासों से राजधानी में सकारात्मक परिवर्तन दिखाई दे रहे हैं। भलस्वा, ओखला एवं गाजीपुर के कूड़े के पहाड़ लगातार छोटे हो रहे हैं तथा उन्हें निर्धारित समय-सीमा के भीतर समाप्त करने के लिए गंभीरता से कार्य किया जा रहा है। इसके साथ ही सफाई व्यवस्था, ठोस कचरा प्रबंधन, पार्कों के विकास, सड़कों के रखरखाव एवं नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए भी निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

सत्या शर्मा ने कहा कि दिल्ली सरकार द्वारा निगम को समय पर वित्तीय सहायता उपलब्ध कराए जाने के कारण निगम कर्मचारियों को प्रत्येक माह की पहली तारीख को समय पर वेतन प्राप्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि समय पर फंड उपलब्ध होने से निगम की अनेक विकास परियोजनाओं एवं जनहितकारी योजनाओं को भी निर्धारित समय पर पूरा किया जा रहा है, जिससे विकास कार्यों को गति मिली है और नागरिक सुविधाओं में निरंतर सुधार सुनिश्चित हुआ है।

उन्होंने निगम के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, सभी दलों के पार्षदों एवं दिल्लीवासियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से दिल्ली नगर निगम को और अधिक सशक्त, पारदर्शी तथा जनसेवा के प्रति समर्पित संस्था बनाया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी