स्थायी समिति अध्यक्ष ने शकरपुर वार्ड का किया निरीक्षण, सफाई व्यवस्था में सुधार एवं अतिक्रमण हटाने के निर्देश

 


नई दिल्ली, 13 मार्च (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने शाहदरा (दक्षिणी)जोन वार्ड समिति के अध्यक्ष राम किशोर शर्मा के साथ शुक्रवार को शकरपुर वार्ड का निरीक्षण किया। इस निरीक्षण का उद्देश्य क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था, नागरिक सुविधाओं तथा चल रहे विकास कार्यों की स्थिति की समीक्षा करना और आवश्यक दिशा-निर्देश देना था।

निरीक्षण के दौरान शकरपुर मार्केट के प्रवेश द्वार के पास नालियों की जाम और जर्जर स्थिति पर सत्या शर्मा ने पीडब्ल्यूडी को पुनः पत्र लिखकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए|

सत्या शर्मा ने डीडीए की भूमि पर स्थित सीड बेड पार्क क्षेत्र का निरीक्षण भी किया गया, जहां अवैध रूप से संचालित एक मछली बाजार पाया गया। अध्यक्ष ने नाराज़गी व्यक्त करते हुए इसे स्पष्ट अतिक्रमण और नियमों का उल्लंघन बताया तथा क्षेत्रीय उपायुक्त को तत्काल कार्रवाई करते हुए अवैध मछली बाजार को बंद कराने और स्थल को अतिक्रमण मुक्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे अवैध गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सार्वजनिक स्थानों का उपयोग केवल निर्धारित उद्देश्य के अनुसार ही सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

सत्या शर्मा ने मार्केट क्षेत्र में रेहड़ी-पटरी के अतिक्रमण के कारण जाम की स्थिति पर भी चिंता व्यक्त की। अध्यक्ष ने लाइसेंसिंग विभाग को अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा बाजार को सुचारु आवागमन के लिए व्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एक दुकानदार द्वारा किए गए अतिक्रमण को मौके पर ही हटाया गया।

सत्या शर्मा ने शकरपुर मार्केट स्थित संजय पार्क जन रसोई परिसर में प्रस्तावित आयुष्मान आरोग्य मंदिर के निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू कराने के लिए अधिकारियों को आवश्यक बजट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इस दौरान शकरपुर रेड लाइट के पास निर्माण एवं विध्वंस मलबा पाए जाने पर अधिकारियों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए। वहीं, सीड बेड पार्क क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित मछली बाजार की खराब स्वच्छता स्थिति को देखते हुए उसे तुरंत बंद कराने के निर्देश दिए गए।

स्थायी समिति अध्यक्ष ने कहा कि क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाना और अतिक्रमण हटाकर नागरिक सुविधाओं को सुचारु बनाना हमारी प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता, बेहतर ड्रेनेज व्यवस्था और अतिक्रमण मुक्त बाजार नागरिकों की सुविधा के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि क्षेत्र की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।

शाहदरा (दक्षिणी) जोन वार्ड समिति के अध्यक्ष राम किशोर शर्मा ने कहा कि शकरपुर क्षेत्र में नालियों की मरम्मत, स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने, अतिक्रमण हटाने तथा बाजार क्षेत्र को व्यवस्थित बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों को सक्रिय रूप से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि स्थानीय निवासियों और व्यापारियों को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर वातावरण मिल सके।

उन्होंने कहा कि ऐसे निरीक्षण समय-समय पर जारी रहेंगे, जिससे विकास कार्यों की प्रगति की लगातार समीक्षा होती रहे और क्षेत्र में मौजूद समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।प्रशासन और स्थानीय प्रतिनिधियों के समन्वित प्रयासों से शकरपुर क्षेत्र की समग्र स्थिति में निश्चित रूप से सकारात्मक सुधार देखने को मिलेगा।

इस अवसर पर अतिरिक्त आयुक्त पंकज नरेश अग्रवाल, क्षेत्रीय उपायुक्त पुंशीबा सिंह तथा निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी