स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने नजफगढ़ जोन के नंगली सकरावती क्षेत्र का किया निरीक्षण

 




नई दिल्ली, 23 मार्च (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने सोमवार को नजफगढ़ जोन के नंगली सकरावती क्षेत्र का निरीक्षण किया।

स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने क्षेत्र के निर्माणाधीन बायोगैस प्लांट का निरीक्षण किया और कार्य में हो रही देरी पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए ठेकेदार के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह परियोजना डेयरी अपशिष्ट के निस्तारण का एक महत्वपूर्ण और दीर्घकालिक समाधान है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा कार्य को निर्धारित समय-सीमा में प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए।

स्थायी समिति अध्यक्ष ने गोयला डेयरी क्षेत्र का दौरा किया, जहां उन्होंने डेयरियों से निकलने वाले गोबर के निस्तारण की व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसी समुचित व्यवस्था विकसित की जाए, जिससे गोबर नालियों में न डाला जाए और स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित न हो।

स्थायी समिति अध्यक्ष ने जोन के अधिकारियों को निर्देश दिया कि निगम के अधिकार क्षेत्र की सभी नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए तथा लोक निर्माण विभाग से समन्वय स्थापित कर संबंधित नालियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए। गोयला डेयरी क्षेत्र में सड़कों के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने टेंडर प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि विकास कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण हो सकें।

अध्यक्ष ने गोयला डेयरी स्थित पशु चिकित्सालय का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही गोयला गांव स्थित नगर निगम प्राथमिक विद्यालय का दौरा किया। जहां परिसर स्वच्छ पाया गया, किन्तु एक भवन खंड जर्जर अवस्था में मिला। इस पर आवश्यक कार्रवाई शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान स्थानीय निवासियों ने अपनी समस्याएं भी साझा कीं, जिन पर स्थायी समिति अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने कहा कि क्षेत्र में स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करना हमारी प्राथमिकता है। सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना होगा।

इस अवसर पर नजफगढ़ जोन (वार्ड समिति) की अध्यक्ष सविता शर्मा, जोनल उपायुक्त सुमित कुमार तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी