डीडीए की सलाहकार परिषद के सदस्य के रूप में एमसीडी के चार प्रतिनिधियों ने किया नामांकन

 




नई दिल्ली, 19 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) की सलाहकार परिषद के सदस्य के रूप में दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के चार प्रतिनिधियों ने बुधवार को सिविक सेंटर स्थित निगम सचिव कार्यालय में नामांकन दाखिल किया। नामांकन दाखिल करने का आज अंतिम दिन था।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तरफ से वार्ड नंबर-210 गीता कालोनी से नीमा भगत, वार्ड नंबर-60 रानी बाग से ज्योति अग्रवाल और आम आदमी पार्टी (आआपा) की तरफ से वार्ड नंबर-223 रोहताश नगर से शिवानी पांचाल, वार्ड नंबर-66 वजीरपुर से चित्रा विद्यार्थी ने नामांकन दाखिल किया।

इस अवसर पर दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही, उप महापौर डॉ मोनिका पंत, नेता सदन जय भगवान यादव भी मौजूद रहे।

दिल्ली विकास प्राधिकरण की डीडीए सलाहकार परिषद के लिए दिल्ली नगर निगम के चार प्रतिनिधियों का निर्वाचन सोमवार, 24 अगस्त को होने वाली निगम की बैठक में किया जाएगा।

महापौर प्रवेश वाही ने डीडीए की सलाहकार परिषद के लिए नामांकन दाखिल करने वाले पार्षदों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि डीडीए दिल्ली के मास्टर प्लान 2047 पर कार्य कर रही है। उन्होंने मैं आशा जताते हुए कहा कि दिल्ली नगर निगम की तरफ से चुने गये सदस्य अपने बहुमूल्य सुझाव देकर मास्टर प्लान 2047 का सफल क्रियान्वयन कराने में सफल होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी