एमसीडी के प्राथमिक विद्यालयों में तारामंडल एवं प्रधानमंत्री संग्रहालय भ्रमण कार्यक्रम का शुभारंभ

 


नई दिल्ली, 19 जून (हि.स.)। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने शुक्रवार को दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के प्राथमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए तारामंडल एवं प्रधानमंत्री संग्रहालय भ्रमण कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि दिल्ली नगर निगम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि विद्यार्थियों को व्यावहारिक एवं अनुभवात्मक शिक्षा के अवसर भी उपलब्ध कराए जाने चाहिए। इसी उद्देश्य से निगम विद्यालयों के विद्यार्थियों को तारामंडल एवं प्रधानमंत्री संग्रहालय का भ्रमण कराया जा रहा है।

महापौर ने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को तारामंडल की विशेषताओं, अंतरिक्ष विज्ञान की रोचक जानकारियों तथा विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में भारत की निरंतर प्रगति के बारे में जानने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति बच्चों में जिज्ञासा और वैज्ञानिक सोच विकसित करना समय की आवश्यकता है। साथ ही प्रधानमंत्री संग्रहालय के भ्रमण से विद्यार्थियों को देश के सभी प्रधानमंत्रियों के योगदान, उनके नेतृत्व में हुए महत्वपूर्ण राष्ट्रीय विकास कार्यों तथा भारत की प्रगति की ऐतिहासिक यात्रा को समझने में सहायता मिलेगी।

महापौर ने कहा कि दिल्ली नगर निगम भविष्य में भी विद्यार्थियों के लिए इस प्रकार के शैक्षणिक, प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर करता रहेगा, ताकि उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ व्यापक ज्ञान और अनुभव भी प्राप्त हो सके।

दिल्ली नगर निगम की शिक्षा समिति के अध्यक्ष योगेश वर्मा ने बताया कि नगर निगम देश की पहली ऐसी शैक्षणिक संस्था बनी है जिसने प्रधानमंत्री के इस संदेश को धरातल पर उतारते हुए निगम विद्यालयों के बच्चों को तारामंडल का भ्रमण कराने की पहल की है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को प्रधानमंत्री संग्रहालय भी दिखाया गया, जहां भारत के सभी प्रधानमंत्रियों के जीवन, उनके योगदान और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका से संबंधित विस्तृत एवं प्रेरणादायक जानकारी उपलब्ध है।

योगेश वर्मा ने कहा कि निगम विद्यालयों में अध्ययनरत अधिकांश विद्यार्थी ऐसे परिवारों से आते हैं जिनकी पहुंच सामान्यतः इस प्रकार के ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक कार्यक्रमों तक नहीं हो पाती। ऐसे में यह भ्रमण उनके लिए एक अनूठा और अविस्मरणीय अनुभव सिद्ध हुआ है। इस शैक्षणिक यात्रा के माध्यम से बच्चों को विज्ञान, अंतरिक्ष अनुसंधान, तकनीकी विकास और भारत के लोकतांत्रिक इतिहास के बारे में नई जानकारियाँ प्राप्त हुई हैं।

उन्होंने बताया कि यह संपूर्ण कार्यक्रम एसएएआरडी संस्था के सहयोग से आयोजित किया गया है, जिसके कारण दिल्ली नगर निगम पर किसी प्रकार का वित्तीय भार नहीं आया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के अंतर्गत आज 200 विद्यार्थियों को तारामंडल एवं प्रधानमंत्री संग्रहालय का भ्रमण कराया गया, जबकि आगामी दिवस पर भी 200 विद्यार्थियों को इस शैक्षणिक यात्रा में शामिल किया जाएगा। सभी विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क परिवहन, भ्रमण एवं रिफ्रेशमेंट की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

योगेश वर्मा ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि एक अत्यंत आकर्षक, प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक पहल है। इस दौरान बच्चों ने चित्रों, प्रदर्शनों, डिजिटल माध्यमों तथा वैज्ञानिक प्रस्तुतियों के जरिए अनेक नई जानकारियां प्राप्त कीं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं राष्ट्रीय चेतना के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

अंत में योगेश वर्मा ने सुधीर भटनागर एसएएआरडी एनजीओ तारामंडल के अधिकारी रवि किरण व प्रेरणा एवं अन्य अधिकारियों का इस सफल आयोजन में सहयोग हेतु धन्यवाद व्यक्त किया।

इस अवसर पर शिक्षा विभाग के निदेशक निखिल तिवारी सहित दिल्ली नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षक एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी