एमसीडी में गांधी जयंती मेले का आयोजन, महापौर ने रूसी राजदूत के साथ चरखा कात कर राष्ट्रपिता को अर्पित की श्रद्धांजलि
नई दिल्ली, 01 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में महात्मा गांधी की 157वीं जयंती के उपलक्ष्य में गुरुवार को सिविक सेंटर स्थित निगम मुख्यालय में गांधी जयंती मेला का आयोजन किया गया। गांधी जयंती मेला कार्यक्रम का शुभारंभ दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही एवं मुख्य अतिथि भारत में रूसी संघ के राजदूत, महामहिम डेनिस अलीपोव ने किया।
कार्यक्रम में रूसी राजदूत का स्वागत करते हुए महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा का रास्ता दिखाया है, जिसका स्मरण सभी को करना चाहिए। उन्होंने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
मेले के दौरान महापौर ने रूसी राजदूत एवं निगमायुक्त के साथ चरखा कात कर महात्मा गांधी की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने गांधी एवं महान रूसी साहित्यकार दार्शनिक लियो टॉलस्टॉय की लगी चित्र प्रदर्शनी को देखा।
इस अवसर पर रूसी राजदूत डेनिस अलीपोव ने कहा कि गांधी पूरी दुनिया के हैं और गांधी ने भारत को जो सत्य, अहिंसा और मानवीय गरिमा का संदेश दिया था, वह दुनिया के लिए सार्थक है। उन्होंने गांधी जयंती मेले के आयोजन के लिए दिल्ली नगर निगम को बधाई दी।
मेले में आए लोगों ने अखंड चरखा यज्ञ में चरखा चलाया और स्वतंत्रता आंदोलन में गांधी के योगदान को याद किया। इस अवसर पर उन्होंने गांधी जयंती मेले में लगे सभी स्टालों का निरीक्षण किया और उत्पादों व सेवाओं के बारे में जानकारी हासिल की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि संपूर्ण विश्व को शांति और अहिंसा के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करने वाले महात्मा गांधी का जीवन अपने आप में एक आदर्श था। उनके स्वदेशी, स्वराज के विचार सदियों तक प्रेरित करते रहेंगे।
महापौर ने कहा कि गांधी जयंती के अवसर पर हम सभी को यह संकल्प करना है कि समाज के हर व्यक्ति को अच्छी शिक्षा, स्वास्थ्य व अन्य सुविधाएं मिले।महात्मा गांधी ने हमे सत्य और अहिंसा का रास्ता दिखाया और उनका दर्शन आज भी प्रासंगिक है।
मेले में जन स्वास्थ्य विभाग सहित निगम के अन्य विभागों द्वारा प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। उसके अतिरिक्त गैर सरकारी संस्थाओं एवं महिला सहायता समूहों ने भी प्रदर्शनी में भाग लिया।
जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा दी जा रही सेवाओं जैसे एनीमिया टीकाकरण के बारे में जानकारी, गर्भावस्था के दौरान पोषण, मच्छर जनित व जल जनित बीमारियों की रोकथाम की जानकारी के बारे में भी लोगों को अवगत कराया गया।
इन गतिविधियों के अलावा, दिल्ली नगर निगम के स्कूलों के छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए।
इस अवसर पर स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा, उप महापौर डॉ मोनिका पंत, शिक्षा समिति अध्यक्ष योगेश वर्मा, पार्षद सुमन गुप्ता, निगमायुक्त संजीव खिरवार, अपर आयुक्त, राजघाट समाधि समिति सचिव डॉ रजनीश कुमार एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी