एमसीडी 24 'निगम श्री' स्कूल करेगी शुरू, 12 जोन में फुटबॉल प्रीमियर लीग का भी होगा आयोजन
नई दिल्ली, 14 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) राजधानी में शिक्षा और खेल गतिविधियों को नई गति देने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। निगम जल्द ही 24 'निगम श्री' स्कूल शुरू करेगा। इसके साथ दिल्ली के सभी 12 जोन में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से फुटबॉल प्रीमियर लीग का आयोजन भी किया जाएगा।
दिल्ली नगर निगम की शिक्षा समिति के अध्यक्ष योगेश वर्मा ने मंगलवार को जानकारी दी कि दिल्ली नगर निगम 'निगम श्री' शुरु करने जा रही है। उन्होंने कहा कि स्कूलों में आधुनिक शिक्षा, बेहतर आधारभूत सुविधाएं, स्मार्ट कक्षाएं, डिजिटल शिक्षण व्यवस्था तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इन स्कूलों का उद्देश्य एमसीडी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता को नई पहचान देना है।
इसके साथ ही योगेश वर्मा ने बताया कि एमसीडी खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए 12 जोन में फुटबॉल प्रीमियर लीग आयोजित करेगी। उन्होंने कहा कि इन प्रतियोगिता के माध्यम से निगम विद्यालयों के विद्यार्थियों को प्रतिस्पर्धी खेल वातावरण मिलेगा तथा फुटबॉल के प्रति रुचि रखने वाले बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्राप्त होगा।
उन्होंने कहा कि शिक्षा और खेल दोनों क्षेत्रों में समान रूप से निवेश कर विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास को बढ़ावा दिया जा सकता है। इसी उद्देश्य से 'निगम श्री' स्कूल और फुटबॉल प्रीमियर लीग जैसी पहल शुरू की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी