निगम सदन की बैठक में नागरिकों के हित में कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पास, स्वच्छता एवं जलभराव के मुद्दों पर हुई चर्चा

 


नई दिल्ली, 25 जून (हि.स.)। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही की अध्यक्षता में गुरुवार को निगम सदन की बैठक आयोजित किया गया। बैठक के दौरान पक्ष एवं विपक्ष के सभी पार्षदों को अपने विचार रखने तथा जनहित से जुड़े मुद्दों को सदन के समक्ष रखने का अवसर मिला।

बैठक में स्वच्छता व्यवस्था, मानसून के दौरान जलभराव की रोकथाम, नालों की सफाई, नागरिक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण तथा अन्य महत्वपूर्ण जनहित विषयों पर व्यापक और सार्थक चर्चा हुई।

महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि सदन में पक्ष और विपक्ष के सभी पार्षदों को अपनी बात रखने तथा जल भराव जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे पर अपने विचार व्यक्त करने का पूरा अवसर दिया गया। उन्होंने कहा कि सदन का उद्देश्य सभी जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करना है, ताकि नागरिकों से जुड़े विषयों पर सार्थक चर्चा हो सके और प्रभावी समाधान निकाले जा सकें।

उन्होंने बताया की बैठक के दौरान स्वच्छता एवं जलभराव की समस्या पर विशेष चर्चा हुई। विभिन्न दलों के पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं, सुझावों एवं अपेक्षाओं को सदन के समक्ष रखा। महापौर ने कहा कि सभी सुझावों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की नेतृत्व में दिल्ली नगर निगम मानसून से पूर्व जलभराव की समस्या के समाधान के लिए युद्धस्तर पर कार्य कर रहा है। राजधानी में नालों की डी-सिल्टिंग, जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा संवेदनशील क्षेत्रों की विशेष निगरानी का कार्य तेजी से किया जा रहा है। इसके लिए आधुनिक मशीनरी एवं उन्नत तकनीकों का उपयोग किया जा रहा है ताकि मानसून के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जलभराव की स्थिति उत्पन्न होने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा। निगम का लक्ष्य इस वर्ष दिल्ली को जलभराव की समस्या से अधिकतम राहत दिलाना है।

बैठक के दौरान नागरिक हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी सदन द्वारा पारित किए गए, जिनसे राजधानी में विकास कार्यों को गति मिलेगी तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

महापौर ने सभी पार्षदों का सदन की कार्यवाही में सकारात्मक सहभागिता के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दिल्ली नगर निगम जनहित के मुद्दों के समाधान तथा राजधानी के समग्र विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी