आवारा पशुओं और मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम पर निगम सदन में हुई विस्तृत चर्चा

 




नई दिल्ली, 24 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही की अध्यक्षता में सोमवार को निगम सदन की बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजधानी में आवारा पशुओं की समस्या तथा डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम सहित विभिन्न जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। पक्ष और विपक्ष के पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों से संबंधित नागरिक समस्याओं को सदन के समक्ष रखा।

महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चली और पार्षदों ने मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम, आवारा पशुओं की समस्या तथा नागरिक सुविधाओं से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दे सीधे दिल्ली के नागरिकों से जुड़े हैं और उनका प्रभावी समाधान निगम की प्राथमिकता है।

उन्होंने बताया कि मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम और आवारा पशुओं की समस्या पर आगामी दिनों में विशेष सदन की बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें दोनों विषयों पर व्यापक चर्चा के साथ संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली, मौजूदा व्यवस्थाओं और आवश्यक सुधारों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।

महापौर ने कहा कि निगम सदन जनहित से जुड़े विषयों पर चर्चा का महत्वपूर्ण मंच है। सभी जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए नागरिक समस्याओं के सकारात्मक और प्रभावी समाधान की दिशा में काम किया जा रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सदन की कार्यवाही के दौरान आम आदमी पार्टी के कुछ पार्षदों ने व्यवधान उत्पन्न करने का प्रयास किया। महापौर ने कहा कि सदन की गरिमा और मर्यादा बनाए रखना प्रत्येक पार्षद की जिम्मेदारी है। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में इस प्रकार का असंसदीय व्यवहार दोहराए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

महापौर ने कहा कि व्यवधान के बावजूद नागरिक हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा जारी रही और विभिन्न प्रस्तावों पर विचार-विमर्श के बाद आवश्यक प्रस्ताव पारित किए गए।

उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में दिल्ली नगर निगम के वर्तमान पार्षदों को केंद्रीय सरकारी स्वास्थ्य योजना (सीजीएचएस) की दरों पर चिकित्सा उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

महापौर ने सदन की कार्यवाही में सकारात्मक सहभागिता करने वाले सभी पार्षदों का आभार व्यक्त किया।

निगम सदन की बैठक के दौरान दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) की सलाहकार परिषद के सदस्य के रूप में चार पार्षदों को निर्वाचित घोषित किया गया। इनमें वार्ड संख्या-210, गीता कॉलोनी की नीमा भगत, वार्ड संख्या-60, रानी बाग की ज्योति अग्रवाल, वार्ड संख्या-223, रोहताश नगर की शिवानी पांचाल और वार्ड संख्या-66, वजीरपुर की चित्रा विद्यार्थी शामिल हैं।

महापौर प्रवेश वाही ने नवनिर्वाचित सदस्यों को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि वे दिल्ली के विकास और नागरिक हितों से जुड़े विषयों को प्रभावी ढंग से संबंधित मंचों पर उठाएंगे तथा राजधानी के समग्र विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी