नीट पेपर लीक मामले काे लेकर एमसीडी सदन में आम आदमी पार्टी ने किया प्रदर्शन

 


नई दिल्ली, 25 मई (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) सदन की बैठक में सोमवार को नीट पेपर लीक मामले को लेकर आम आदमी पार्टी ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। एमसीडी में सह प्रभारी प्रवीण कुमार के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के दौरान ‘‘आआपा’’ पार्षदों ने नारेबाजी की और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान का इस्तीफा मांगा।

आआपा के वरिष्ठ नेता एवं एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने कहा कि नीट पेपर लीक ने देश के लाखों मेहनती छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है, लेकिन सरकार मुद्दे से भाग रही है। सोमवार को जब सदन में आआपा ने छात्रों के हक में आवाज उठाई तो महापौर ने आनन-फानन में एजेंडा पास कर सदन स्थगित कर दिया।

नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने कहा कि चार बार नीट प्रवेश परीक्षा का पेपर लीक हो चुका है। यह पेपर लीक 2015, 2016, 2024 और अब 2026 में हुआ है। उन्होंने कहा कि देश भर के लाखों बच्चे नीट परीक्षा की तैयारी करते हैं, क्योंकि वे बचपन से ही डॉक्टर बनने का सपना संजोते हैं। माता-पिता बच्चों की इस तैयारी के लिए लाखों रुपए खर्च करते हैं, लेकिन अंत में पेपर लीक हो जाता है, बच्चों के सपने टूट जाते है।

अंकुश नारंग ने कहा कि इसी वजह से साल 2026 में भी कई बच्चों ने सुसाइड कर लिया है। गुजरात, गोवा, यूपी और कर्नाटक जैसे राज्यों से लगातार बच्चों के सुसाइड करने की खबरें आ रही हैं।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि इसी मुद्दे को लेकर आज आम आदमी पार्टी ने एमसीडी सदन में विरोध प्रदर्शन किया। आआपा ने एमसीडी के नए महापौर के सामने यह मांग रखी कि नीट पेपर लीक पर चर्चा होनी चाहिए, लेकिन कोई चर्चा नही की गई।

अंकुश नारंग ने कहा कि सरकार को नीट पेपर लीक की निष्पक्ष जांच करनी चाहिए और दोषियों को सख्त से सख्त सजा देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आआपा की मांग है कि लगातार हो रहे नीट पेपर लीक की जिम्मेदारी लेते हुए देश के शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान तुरंत अपने पद से इस्तीफा दें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी