नेता सदन जय भगवान यादव एवं स्थायी समिति अध्यक्ष ने डीटीसी की नई बस सेवा को दिखाई हरी झण्डी

 


नई दिल्ली, 04 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम के नेता सदन जय भगवान यादव एवं स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने मंगलवार को दिल्ली नगर निगम मुख्यालय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविक सेंटर से दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) की नई बस सेवा को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। यह नई बस सेवा निगम मुख्यालय से बाकनेर गाँव तक प्रारंभ की गई है, जिससे इस मार्ग पर यात्रा करने वाले हजारों नागरिकों को बेहतर एवं सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध होगा।

नई बस सेवा रूट संख्या 131 प्रातः 8 बजे और 8:30 बजे बाकनेर गाँव से निगम मुख्यालय तक आएगी और शाम को 5:45 बजे व 6:30 बजे निगम मुख्यालय से बाकनेर गाँव तक जाएगी। यह बस सिविक सेंटर से राजघाट, आईएसबीटी, मुकरबा चौक, शनि मंदिर होते हुए बाकनेर गाँव तक जाएगी।

इस अवसर पर नेता सदन जय भगवान यादव ने कहा कि दिल्लीवासियों को सुलभ, सुरक्षित एवं किफायती सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराना सरकार एवं संबंधित संस्थाओं की प्राथमिकता है। उन्होंने इस नई बस सेवा के लिए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि निगम मुख्यालय से बाकनेर गाँव तक नई बस सेवा प्रारंभ होने से विशेष रूप से छात्रों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, कर्मचारियों एवं दैनिक यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। यह सेवा लोगों के समय की बचत करने के साथ-साथ यातायात को अधिक व्यवस्थित एवं सुगम बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

यादव ने कहा कि दिल्ली नगर निगम जनसुविधाओं के विस्तार एवं नागरिकों के जीवन को अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नई बस सेवा से इस क्षेत्र के निवासियों की लंबे समय से चली आ रही सार्वजनिक परिवहन संबंधी आवश्यकता पूरी होगी और लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी।

स्थायी समिति अध्यक्षा सत्या शर्मा ने कहा कि सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करना एक विकसित एवं आधुनिक दिल्ली की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि नई बस सेवा से नागरिकों की दैनिक यात्रा अधिक सरल, सुरक्षित एवं आरामदायक होगी। साथ ही निजी वाहनों पर निर्भरता कम होने से यातायात का दबाव घटेगा तथा पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि दिल्ली नगर निगम नागरिकों की आवश्यकताओं एवं जनहित से जुड़े विषयों को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है तथा विभिन्न विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर जनकल्याणकारी सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयासरत है।

इस अवसर पर नरेला वार्ड समिति के उपाध्यक्ष दिनेश भारद्वाज, पार्षद राजपाल राणा व अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।

इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नई बस सेवा के शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आशा जताई कि यह पहल क्षेत्र के विकास, बेहतर संपर्क व्यवस्था तथा नागरिकों की सुविधा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी