भीषण गर्मी में फील्ड कर्मचारियों को राहत : सत्या शर्मा ने विशेष व्यवस्थाओं के दिए निर्देश
नई दिल्ली, 27 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली में बढ़ती गर्मी और हीट वेव के प्रकोप को देखते हुए दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने फील्ड में काम करने वाले कर्मचारियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में उन्होंने निगम आयुक्त को पत्र लिखकर आवश्यक कदम उठाने को कहा है।
उन्होंने कहा कि दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक का समय अत्यधिक गर्मी और लू के कारण फील्ड कर्मचारियों के लिए बेहद जोखिम भरा होता है। ऐसे में इस अवधि के दौरान विशेष सावधानी बरतना जरूरी है। उन्होंने सुझाव दिया कि इस समय कर्मचारियों को आंशिक रूप से विश्राम दिया जाए और उनके कार्य समय को पुनर्गठित किया जाए।
सत्या शर्मा ने यह भी कहा कि कार्य का समय सुबह जल्दी शुरू किया जाए और जरूरत के अनुसार शिफ्ट आधारित प्रणाली लागू की जाए, ताकि कर्मचारियों को भीषण गर्मी से बचाया जा सके। इसके साथ ही कार्यस्थलों पर ठंडे पेयजल की उपलब्धता, छायादार विश्राम स्थल और नियमित अंतराल पर ब्रेक की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है।
उन्होंने हीट स्ट्रोक से बचाव के लिए जागरूकता बढ़ाने और प्राथमिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी बात कही। उनका कहना है कि ये कदम कर्मचारियों के स्वास्थ्य की रक्षा करने के साथ-साथ उनके मनोबल और कार्यक्षमता को बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
सत्या शर्मा ने दोहराया कि निगम अपने कर्मचारियों के कल्याण और सुरक्षा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इस दिशा में सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी