एमसीडी ने पूर्वी जिले में वायु प्रदूषण नियंत्रण उपायों की समीक्षा की
नई दिल्ली, 12 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के पूर्वी जिले में वायु प्रदूषण नियंत्रण उपायों के क्रियान्वयन एवं उनकी प्रभावशीलता का जायजा लेने के लिए वायु प्रदूषण नियंत्रण के नोडल अधिकारी और आईएएस वी.के. बिधूड़ी ने गुरुवार को कॉमनवेल्थ गेम्स विलेज स्थित वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्र तथा उसके आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अक्षरधाम मेट्रो स्टेशन के सामने स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग के हिस्से का जायजा लिया गया। इस दौरान एमसीडी की संयुक्त प्रवर्तन टीम की कार्यप्रणाली तथा यातायात प्रबंधन व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।
निरीक्षण में मुख्य रूप से धूल नियंत्रण के उपायों, मिस्ट सिस्टम की कार्यशीलता एवं रखरखाव, सड़क की धूल के प्रबंधन, सार्वजनिक परिसरों की स्वच्छता तथा कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया। निरीक्षण के दौरान मिस्ट सिस्टम के संचालन, रेलवे परिसर में धूल नियंत्रण के उपायों तथा कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण में कुछ कमियां पाई गईं। इसके अतिरिक्त रेलवे लाइन के किनारे कच्चे एवं बिना पक्के रास्तों की स्थिति तथा डीडीए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स एवं उसके परिसर के रखरखाव का भी जायजा लिया गया।
वी.के. बिधूड़ी ने सभी संबंधित एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ निरंतर एवं प्रभावी प्रयास करने पर बल दिया। उन्होंने निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने, आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा प्रदूषण नियंत्रण संबंधी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।
इस निरीक्षण के माध्यम से प्रशासन ने पूर्वी जिले में वायु प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण, विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय, जवाबदेही सुनिश्चित करने तथा जमीनी स्तर पर धूल प्रदूषण को नियंत्रित कर वायु गुणवत्ता में सुधार लाने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
इस दौरान एमसीडी के उपायुक्त, पूर्वी जोन सहित दिल्ली यातायात पुलिस, लोक निर्माण विभाग, दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, रेलवे तथा अन्य संबंधित एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी