निगमायुक्त ने सदर बाजार में कुतुब रोड एवं तेलीवाड़ा अखाड़ा क्षेत्र का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए निर्देश

 


नई दिल्ली, 01 अगस्त (हि.स.)। निगमायुक्त संजीव खिरवार ने शनिवार को सदर बाजार क्षेत्र के कुतुब रोड स्थित तेलीवाड़ा अखाड़ा के सामने जलभराव संभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा भविष्य में जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त संजीव खिरवार ने जल निकासी व्यवस्था का गहनता से अवलोकन किया। उन्होंने बताया कि पूर्व में मुख्य मैनहोल में प्लास्टिक एवं पॉलीथीन फंस जाने के कारण जल निकासी बाधित हो जाती थी। इस समस्या के समाधान के लिए मैनहोल को जाली (ग्रिल) से ढकने की व्यवस्था की गई है, जिससे कचरा भीतर न जा सके और पानी का प्रवाह निरंतर बना रहे।

संजीव खिरवार ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि प्राथमिकता इस बात की होनी चाहिए कि जलभराव की स्थिति उत्पन्न ही न होने पाए। यदि किसी कारणवश ऐसी स्थिति बनती भी है तो तत्काल एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि इस संवेदनशील स्थल पर 24×7 कर्मचारियों की तैनाती की जाए, जो लगातार स्थिति पर निगरानी रखें तथा आवश्यकता पड़ने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ समन्वय स्थापित कर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि क्षेत्र में स्थापित सभी पंप पूर्णतः कार्यशील रहें तथा उनकी नियमित निगरानी की जाए, ताकि वर्षा के दौरान जल निकासी में किसी प्रकार की बाधा न आए।

निगमायुक्त ने दिल्ली जल बोर्ड के अधिकारियों को निर्देशित किया कि उनके अधीन आने वाले सभी सीवरों की समयबद्ध एवं समुचित सफाई सुनिश्चित की जाए, जिससे कहीं भी पानी का अवरोध उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि अंतर-विभागीय समन्वय और बेहतर तालमेल से ही जलभराव जैसी समस्याओं का प्रभावी एवं स्थायी समाधान संभव है।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों से भी संवाद किया, उनकी समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना तथा उन्हें आश्वस्त किया कि दिल्ली नगर निगम नागरिकों को जलभराव से होने वाली असुविधा से बचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता एवं ईमानदारी के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि निगम का प्रयास है कि प्रत्येक संबंधित विभाग के सहयोग से समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई कर नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

निरीक्षण के दौरान स्थानीय पार्षद एवं क्षेत्रीय अध्यक्ष, उषा शर्मा, उपायुक्त कुनिका, नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी, दिल्ली जल बोर्ड, दिल्ली मेट्रो तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी