निगमायुक्त ने मोलड़बंद क्षेत्र का किया निरीक्षण, जनसमस्याओं के त्वरित एवं स्थायी समाधान के दिए निर्देश
नई दिल्ली, 08 अक्टूबर (हि.स.)। निगमायुक्त संजीव खिरवार ने गुरुवार को मोलड़बंद क्षेत्र का निरीक्षण कर क्षेत्र में सफाई व्यवस्था, जलभराव, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं, अतिक्रमण, कूड़ा प्रबंधन तथा अन्य नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मोलड़बंद गांव स्थित एमसीडी प्राथमिक विद्यालय की स्थिति का विशेष रूप से जायजा लिया गया। विद्यालय के कुछ कमरों में मरम्मत की आवश्यकता को देखते हुए निगमायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को क्षतिग्रस्त कमरों की आवश्यक मरम्मत का कार्य आगामी सोमवार तक अनिवार्य रूप से पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मरम्मत कार्य पूरा होने तक विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे और बच्चों को अस्थायी रूप से सुरक्षित वैकल्पिक स्थान पर स्थानांतरित कर उनकी पढ़ाई निर्बाध रूप से जारी रखी जाए। विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों के लिए पार्क के लिए भी निर्देश दिया।
क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से मोलड़बंद एक्सटेंशन स्थित एमसीडी प्राथमिक विद्यालय के समीप पोटा केबिन परिसर में एमसीडी डिस्पेंसरी शुरू करने की संभावना पर भी चर्चा की गई।
निरीक्षण के दौरान ताजपुर पहाड़ी माइंस एवं मोलड़बंद क्षेत्र में सड़क के दोनों ओर कूड़ा डाले जाने तथा आवारा पशुओं की समस्या का भी संज्ञान लिया गया। निगमायुक्त ने अधिकारियों को क्षेत्र में नियमित एवं प्रभावी सफाई सुनिश्चित करने, जमा कूड़े को तत्काल हटाने तथा आवारा पशुओं की समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
मुख्य जैतपुर रोड पर जलभराव की समस्या का भी निरीक्षण किया गया। निगमायुक्त ने अधिकारियों को जल निकासी व्यवस्था की समग्र समीक्षा करते हुए जलभराव के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक तकनीकी उपाय करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्र में जेसीबी एवं अन्य सफाई संसाधनों की उपलब्धता, मलबा एवं कूड़ा उठाने की व्यवस्था तथा सफाई कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
निगमायुक्त ने शहीद बिजेंद्र सिंह चौक, मोलड़बंद गांव का भी निरीक्षण किया और चौक के सौंदर्यीकरण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्र में मौजूद अवैध रेहड़ियों एवं अतिक्रमण को नियमानुसार हटाने, चौक की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा इसके सौंदर्यीकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
निगमायुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निरीक्षण के दौरान सामने आई नागरिक समस्याओं पर केवल तात्कालिक कार्रवाई तक सीमित न रहते हुए उनके स्थायी एवं प्रभावी समाधान की दिशा में कार्य किया जाए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई पूरी करने और कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पार्षद हेमचंद गोयल, सेंट्रल जोन के उपायुक्त डॉ सचिन गुप्ता तथा निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी