दिल्ली नगर निगम ने छठ घाटों की तैयारियों का किया व्यापक निरीक्षण, सफाई और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश

 




नई दिल्ली, 11 नवंबर (हि.स.)। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के मद्देनजर दिल्ली नगर निगम ने राजधानी के विभिन्न छठ घाटों पर तैयारियों का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों को घाटों पर साफ-सफाई, सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था, धूल नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी करने के सख्त निर्देश दिए गए।

पश्चिमी दिल्ली की सांसद कमलजीत सहरावत और विधायक एवं डीडीसी चेयरमैन प्रद्युम्न राजपूत ने क्षेत्रीय पार्षदों तथा दक्षिण-पश्चिम क्षेत्र के उपायुक्त शशि प्रताप सिंह के साथ सागरपुर और महावीर एन्क्लेव स्थित छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान घाटों पर उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छता, सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

इसी क्रम में दिल्ली नगर निगम के पश्चिमी क्षेत्र की वार्ड समिति के अध्यक्ष हरीश ओबेरॉय ने पश्चिमी क्षेत्र के उपायुक्त कर्नल विनोद अत्री के साथ विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। उन्होंने विकासपुरी के न्यू कृष्णा पार्क स्थित छठ घाट पर जल एवं प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया।

पूर्वी क्षेत्र के उपायुक्त अजहरुद्दीन जहीरुद्दीन काजी ने विभागाध्यक्षों के साथ आईटीओ के पास स्थित हाथी घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान नदी किनारे कुछ स्थानों पर कचरा जमा होने और यमुना में तैरता हुआ कचरा दिखाई देने पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर यांत्रिक नौकाओं के माध्यम से नदी में तैरते कचरे को हटाने को कहा गया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्माण एवं विध्वंस (सीएएंडडी) कचरे का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। इसके लिए जोनल स्तर पर नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। घाटों पर धूल प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए वाटर स्प्रिंकलर से पानी का छिड़काव करने की योजना भी बनाई गई है।

निगम अधिकारियों को छठ पूजा से पहले, पूजा के दौरान और पूजा के बाद तक के लिए विस्तृत स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। इसके तहत घाटों और आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाने, पर्याप्त संख्या में डस्टबिन लगाने, पूजा सामग्री के पृथक संग्रहण एवं उचित निस्तारण तथा प्रमुख स्थानों पर स्वच्छता संबंधी जागरूकता संदेशों वाले सूचना बोर्ड लगाने को कहा गया।

निगम ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। दिल्ली नगर निगम ने कहा कि श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उसकी प्राथमिकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी