छठ घाटों पर बेहतर रोशनी की व्यवस्था, सभी 250 वार्डों में लगेंगी स्ट्रीट लाइटः एमसीडी
नई दिल्ली, 14 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने छठ घाटों पर बेहतर रोशनी के लिए 250 वार्डों में स्ट्रीट लाइट लगाने की जानकारी दी।
दिल्ली नगर निगम (एमसडी) में स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने बुधवार को बताया कि दिल्ली में रह रहे पूर्वांचल के लोगों को छठ पूजा के दौरान स्वच्छ, सुरक्षित और रोशनी से जगमगाते घाट उपलब्ध कराने के लिए एमसीडी ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। घाटों तक जाने वाली सड़कों की मरम्मत, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और साफ-सफाई सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि निगम ने सभी 250 वार्डों में दो-दो छठ घाटों पर स्ट्रीट लाइट लगाने का निर्णय लिया है। इसके लिए बजट जारी करने के साथ ही विद्युत विभाग को घाट चिह्नित कर रोशनी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा घाटों और उनके आसपास की सड़कों व गलियों को दुरुस्त करने, साफ-सफाई सुनिश्चित करने और मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए फागिंग कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। एमसीडी की स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने अधिकारियों को सभी तैयारियां समय रहते पूरी करने को कहा है।
स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने कहा कि छठ महापर्व पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु सुबह और शाम घाटों पर पहुंचकर पूजा-अर्चना करते हैं। ऐसे में घाटों के साथ-साथ वहां तक पहुंचने वाले रास्तों पर भी पर्याप्त रोशनी और बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि घाटों और उनके आसपास की सड़कों व गलियों का निरीक्षण कर जहां मरम्मत की जरूरत है, वहां समय रहते काम पूरा कराया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो।
छठ घाटों और आसपास के इलाकों में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था करने और कूड़े का नियमित उठान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए आवश्यकतानुसार फागिंग कराने और मच्छरों के प्रजनन पर नियंत्रण के उपाय करने को कहा गया है। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि पूजा के दौरान घाटों के आसपास स्वच्छता बनी रहे और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
एमसीडी के विद्युत विभाग को सभी 250 वार्डों में दो-दो छठ घाट चिह्नित कर वहां स्ट्रीट लाइट लगाने की योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। सत्या शर्मा ने अधिकारियों से कहा कि रोशनी, सड़क मरम्मत, सफाई और फागिंग सहित सभी जरूरी व्यवस्थाएं छठ पूजा से पहले पूरी कर ली जाएं। इस मामले में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण में छठ महापर्व मना सकें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी