एमसीडी ने 296 सफाई कर्मचारियों को किया नियमित, महापौर ने दी बधाई
नई दिल्ली, 15 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने वर्षों से अपनी सेवाएं दे रहे 296 दैनिक वेतनभोगी सफाई कर्मचारियों को मंगलवार को नियमित कर दिया है। महापौर प्रवेश वाही ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए सभी संबंधित कर्मचारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि दिल्ली की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने में सफाई कर्मचारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। ये कर्मचारी कठिन परिस्थितियों में भी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ दिल्ली को स्वच्छ रखने में अपना योगदान देते हैं। निगम प्रशासन द्वारा जोनल स्क्रीनिंग कमेटियों की संस्तुतियों तथा संबंधित अधिकारियों की अनुशंसा के आधार पर कुल 296 सफाई कर्मचारियों के नियमितीकरण का निर्णय लिया गया है। इनमें 01 अप्रैल 1998 से 31 मार्च 2000 के बीच सामान्य रूप से कार्यरत 160 दैनिक वेतनभोगी सफाई कर्मचारियों को 01 अप्रैल 2006 से तथा 01 अप्रैल 2000 से 31 मार्च 2002 के बीच कार्यरत 136 दैनिक वेतनभोगी सफाई कर्मचारियों को 01 अप्रैल 2008 से नियमितीकरण का लाभ प्रदान किया गया है।
महापौर ने कहा कि यह निर्णय लंबे समय से अपनी सेवाएं दे रहे सफाई कर्मचारियों के लिए सम्मान, सुरक्षा और स्थायित्व की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली नगर निगम कर्मचारियों के कल्याण तथा उनके अधिकारों के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। महापौर ने स्पष्ट किया कि निगम के सफाई कर्मचारियों की मेहनत का सम्मान करना और उनके कल्याण के लिए आवश्यक कदम उठाना निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि नियमितीकरण से संबंधित कर्मचारियों को उनके भविष्य के प्रति अधिक सुरक्षा और स्थायित्व प्राप्त होगा तथा इससे उनके परिवारों को भी लाभ मिलेगा। महापौर ने निगम प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों को इस प्रक्रिया को निर्धारित नियमों के अनुरूप आगे बढ़ाने के लिए बधाई देते हुए कहा कि दिल्ली को स्वच्छ और बेहतर बनाने वाले प्रत्येक सफाई कर्मचारी का सम्मान और कल्याण निगम की जिम्मेदारी है।
पर्यावरण प्रबंधन सेवाएं समिति के अध्यक्ष संदीप कपूर ने कहा कि दिल्ली नगर निगम सफाई कर्मचारियों के हितों के लिए प्रतिबद्ध है और उनके कल्याण के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। पिछली सरकारों ने केवल आश्वासन देने का कार्य किया मगर निगम सरकार कर्मचारियों से किए गए सभी वादों को पूरा कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी