महापौर ने भलस्वा लैंडफिल साइट का निरीक्षण कर, बायो माइनिंग कार्यों का लिया जायजा

 




नई दिल्ली, 29 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने शनिवार को भलस्वा लैंडफिल साइट का निरीक्षण कर वहां चल रहे बायो माइनिंग कार्यों का जायजा लिया।

महापौर प्रवेश वाही ने अधिकारियों को भलस्वा लैंडफिल साइट पर चल रहे कचरा निस्तारण के कार्य को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बायो माइनिंग कार्यों में तेजी लाने के लिए अतिरिक्त मशीनें लगाई जाएं।

प्रवेश वाही ने कहा कि भलस्वा लैंडफिल साइट पर जमा लिगेसी कचरे का पहाड़ पहले से काफी कम हुआ है। उन्होंने कहा कि भलस्वा लैंडफिल साइट पर प्रतिदिन लगभग 15000 मीट्रिक टन कचरे का निस्तारण होता है। वाही ने अधिकारियों को अतिरिक्त मशीनें लगाने के आदेश दिए गए हैं ताकि लिगेसी कचरे का निस्तारण निर्धारित समय में पूरा कर लिया जाए।

महापौर ने कहा कि भलस्वा लैंडफिल साइट पर जमा नए कचरे के निस्तारण में सितंबर के उपरान्त ओर तेजी आ जाएगी। उन्होंने बताया कि लैंडफिल साइट पर केवल 4-5 लाख टन लिगेसी कचरा बचा है और नए कचरे का निस्तारण दोगुनी तेजी से करने के निर्देश दिए।

प्रवेश वाही ने बताया कि भलस्वा लैंडफिल साइट पर वेस्ट टू एनर्जी संयंत्र लगाने का कार्य भी चल रहा है जिसके पश्चात कचरा निस्तारण के कार्य में और भी तेजी आएगी। उन्होंने कहा कि लैंडफिल साइट से कचरा निस्तारण के बाद निकलने वाले इनर्ट को जमीन की भराई के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है।

प्रवेश वाही ने कहा कि दिल्ली नगर निगम मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा स्वच्छ सुन्दर एवं कचरा मुक्त दिल्ली के मिशन को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने दिल्ली के नागरिकों से अपील की कि वो कूड़े को चार श्रेणियों में पृथक कर कूड़े का सही तरीके से निस्तारण करें। स्वच्छता को अपनी आदत बना कर दिल्ली को साफ स्वच्छ एवं हरित बनाने में अपना योगदान दे सकते हैं।

भलस्वा लैंडफिल साइट के निरीक्षण के दौरान उत्तरी क्षेत्र के उपाध्यक्ष संजय त्यागी, मनोनीत सदस्य राजपाल राणा, अतिरिक्त आयुक्त अरुण कुमार मिश्रा, प्रमुख अभियंता के.के. शर्मा सहित दिल्ली नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी