महापाैर ने सिंधोरा कला गांव में रेलवे अंडर ब्रिज की बदहाल सफाई व्यवस्था पर जताई नाराजगी
नई दिल्ली, 09 मई (हि.स.)। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने शनिवार को जमीनी स्तर पर सफाई व्यवस्था की समीक्षा करने के लिए केशवपुरम जोन के अंतर्गत कमला नगर (वार्ड संख्या-69) क्षेत्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान महापौर ने नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं एवं उनके त्वरित समाधान का आश्वासन दिया।
निरीक्षण के दौरान सिंधोरा कला गांव स्थित रेलवे अंडर ब्रिज की बदहाल सफाई व्यवस्था को देखकर महापौर ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने मौके पर ही अधिकारियों और कर्मचारियों को फटकार लगाई तथा स्वयं वहां खड़े रहे जब तक अंडरपास से गंदगी हटाने का कार्य प्रारंभ नहीं हो गया। सफाई का कार्य शुरू होने व निगम के कूड़ा उठाने वाले ट्रकों के पहुंचने के बाद महापौर वहां से दूसरे स्थान पर निरीक्षण के लिए रवाना हुए।
रेलवे अंडर ब्रिज में फैली गंदगी पर महापौर की तत्काल कार्रवाई से क्षेत्रीय नागरिकों ने संतोष व्यक्त किया तथा महिलाओं ने आभार प्रकट किया। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को अंडर ब्रिज में समुचित प्रकाश व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
इसके उपरांत महापौर ने सिंधोरा कला में बने ढलाव की अत्यंत खराब स्थिति पर गहरा असंतोष व्यक्त किया। क्षेत्र में फैली गंदगी और लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने कूड़ा उठाने वाली कंपनी के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
महापौर ने निगम अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि ढलाव की प्रतिदिन दो बार अनिवार्य रूप से सफ़ाई सुनिश्चित की जाए और यदि अगली बार निरीक्षण के दौरान स्थिति में सुधार नहीं मिला तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
महापौर ने गुलाबी बाग स्थित डीडीए फ़्लैट्स में नगर निगम द्वारा विकसित पार्क का उद्घाटन किया तथा क्षेत्रवासियों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और व्यवस्थित दिल्ली बनाने की जिम्मेदारी केवल निगम की ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भी है। लोगों से अपील की कि वे सफाई व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय भागीदारी निभाएं तथा सार्वजनिक स्थलों को साफ़-सुथरा रखने में सहयोग करें।
महापौर ने कहा कि वे नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ लगातार विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर रहे हैं और जहां कहीं भी सफ़ाई व्यवस्था या नागरिक सुविधाओं में कमी पाई जा रही है, तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि दिल्लीवासियों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी और लापरवाही करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
रोशनारा बाग के निरीक्षण के दौरान महापौर ने उद्यान विभाग के जर्जर कार्यालय के तत्काल मरम्मत करवाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने रोशनारा बाग स्थित झील का निरीक्षण कर उसकी नियमित सफ़ाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
महापौर ने पार्क में सिंचाई व्यवस्था को आधुनिक बनाने के उद्देश्य से एक पंप हाउस के निर्माण के भी निर्देश दिए, जिससे स्प्रिंकलर तकनीक के माध्यम से पूरे पार्क में पेड़-पौधों को नियमित रूप से पानी उपलब्ध कराया जा सके। इसके साथ ही उन्होंने निरीक्षण के दौरान उद्यान विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की अनुपस्थिति का संज्ञान लेते हुए नाराज़गी ज़ाहिर की और कहा कि अगली बार ऐसा हुआ तो कार्रवाई होगी।
प्रवेश वाही ने कहा कि एमसीडी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन एवं दिल्ली सरकार के नेतृत्व में नागरिकों को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि निगम पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ जनता की सेवा कर रहा है तथा सभी निगम पार्षद दिन-रात नागरिकों की सेवा के लिए संकल्पित हैं। उन्होंने नागरिकों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया।
केशवपुरम ज़ोन के अंतर्गत कमला नगर क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय निगम पार्षद रेनू अग्रवाल, अपर आयुक्त लीलाधर मेघवाल, क्षेत्रीय उपायुक्त मोहित बंसल सहित निगम के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी