महापौर ने प्रशांत विहार में मेगा मार्च में लिया भाग, कहा निगम दिल्ली को स्वच्छ, कूड़ा मुक्त एवं हरित बनाने के लिए प्रतिबद्ध

 




नई दिल्ली, 22 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने उत्तर पश्चिम क्षेत्र के प्रशांत विहार में शनिवार को मेगा मार्च का आयोजन किया। उन्होंने कहा कि निगम दिल्ली को स्वच्छ, कूड़ा मुक्त एवं हरित बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए आयोजित मेगा मार्च में लगभग दो किलोमीटर चलकर श्रमदान किया एवं सड़क पर झाड़ू भी लगाई। उन्होंने सड़क किनारे लगे पेड़ों की छटाई करने के निर्देश दिए और सड़कों से अतिक्रमण हटाने के लिए कड़ी कार्रवाई करने के आदेश दिए।

प्रवेश वाही ने सड़कों के गड्ढों को भरने के लिए अधिकारियों को आदेश दिए। मेगा मार्च के दौरान मच्छर मारने वाली कीटनाशक दवा का भी छिड़काव किया गया। नागरिकों को जागरूक करने के लिए स्वच्छता के ऊपर एक नुक्कड़ नाटक का भी आयोजन किया गया ।

मेगा मार्च के दौरान महापौर ने नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता दिल्ली नगर निगम का प्राथमिक कार्य है, दिल्ली को विश्वस्तरीय शहर बनाने की मुहिम में जनता का भी साथ चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी स्वच्छता को अपनी आदत बना कर इस मुहिम को सफल बना सकते हैं।

महापौर ने कहा कि नगर निगम ने कूड़े के पहाड़ों को खत्म करने की दिशा में काफी सफलता प्राप्त कर ली है और इसे जल्द खत्म कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि नए कूड़े के वैज्ञानिक निस्तारण के लिए अत्याधुनिक संयंत्र लगा रहे हैं और आने वाले समय में नए कूड़े का निस्तारण भी साथ के साथ कर दिया जाएगा।

महापौर ने कहा कि नगर निगम का दिल्ली को कूड़े से आजादी अभियान केवल सफाई तक सीमित नहीं है बल्कि इसका उद्देश्य स्वच्छता के प्रति नागरिकों में जागरूकता बढ़ाना, सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखना, संवेदनशील स्थानों पर नियमित रूप से सफाई सुनिश्चित करना तथा जनप्रतिनिधियों, निगम कर्मचारी और नागरिकों को एक सामूहिक स्वच्छता अभियान से जोड़ना है।

मेगा मार्च के दौरान महापौर ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत पौधारोपण भी किया। उन्होंने कहा कि यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ सम्मान का भी प्रतीक है। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान से जुड़कर पेड़ लगाने की अपील की।

मेगा मार्च में उत्तर पश्चिम क्षेत्र के उपायुक्त अंशुल सिरोही, दिल्ली नगर निगम के अधिकारी, स्वच्छता कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी