महापौर ने कंझावला रोड से नांगल ठाकरान गांव तक की सड़क का नामकरण चौधरी छत्तर सिंह पहलवान के नाम पर किया

 


नई दिल्ली, 22 जून (हि.स.)। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने सोमवार को नरेला क्षेत्र के नांगल ठाकरान वार्ड में कंझावला रोड से नांगल ठाकरान गांव तक की सड़क का नामकरण चौधरी छत्तर सिंह पहलवान के नाम पर किया एवं उनके नाम पर द्वार का भी उद्घाटन किया।

इस अवसर पर उत्तर पश्चिम दिल्ली सांसद योगेंद्र चांदोलिया, दिल्ली सरकार में महिला और समाज कल्याण मंत्री रविंदर इन्द्राज सिंह, नेता सदन जय भगवान यादव, नरेला क्षेत्र अध्यक्ष बबीता दीपक डबास, पार्षद पवन सहरावत, विनोद सहरावत सहित दिल्ली नगर निगम के अधिकारी उपस्थित रहे।

महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि कुश्ती सम्राट चौधरी छत्तर सिंह पहलवान स्मारक द्वार एवं सड़क का नामकरण हम सब का मार्गदर्शन करेगा। उन्होंने कहा कि पहलवान छत्तर सिंह ने कुश्ती के क्षेत्र में जो मुकाम हासिल किया वो आने वाली पीढ़ियों का मार्गदर्शन कर रहा है।

प्रवेश वाही ने कहा कि जब से दिल्ली में भाजपा की सरकार आई है तब से दिन रात जनता की भलाई के कार्य हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार ने पेंशन की व्यवस्था में सुधार किए हैं एवं कोई भी गली एवं चौपाल कच्ची नहीं रहेगी। प्रवेश वाही ने कहा कि गलियों एवं लाइट के लिए हम अलग से बजट की व्यवस्था करेंगे।

महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि अपने आस पास की सफाई की जिम्मेदारी हम सब को खुद लेनी होगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली नगर निगम तो अपना काम कर ही रहा है लेकिन जनता को भी अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करना होगा। वाही ने कहा कि स्वच्छता संबंधी शिकायतों के लिए हमने 155305 हेल्पलाइन नंबर जारी किया है जिस पर स्वच्छता संबंधी शिकायत कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि यह हेल्पलाइन 24 घंटे कार्य करती है।

इस अवसर पर उत्तर पश्चिम दिल्ली सांसद योगेंद्र चांदोलिया सांसद ने कहा कि इस सड़क के नामकरण एवं चौधरी छत्तर सिंह पहलवान द्वार का उद्घाटन करके हम उनको भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता लगातार पूरी दिल्ली में घूम घूम कर प्रत्येक विधानसभा में विकास की नींव रख रही हैं। चांदोलिया ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में जो दिल्ली की अनदेखी हुई है उसकी क्षतिपूर्ति करने का हम प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामवासियों की यहां पुस्तकालय बनवाने की मांग है जिसके लिए हरसंभव प्रयास किये जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी