अलीपुर मिनी स्टेडियम में खिलाड़ियों के लिए बढ़ेंगी सुविधाएं, महापौर ने दिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश
नई दिल्ली, 18 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने बुधवार को बाहरी उत्तर क्षेत्र के अलीपुर एवं नरेला वार्ड का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था, जल निकासी और खेल सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अलीपुर स्थित मिनी स्टेडियम में खिलाड़ियों के लिए बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करने के उद्देश्य से कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
महापौर ने कहा कि खेलो इंडिया मुहिम के तहत अलीपुर मिनी स्टेडियम को विकसित किया जाएगा, ताकि स्थानीय स्तर पर खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर मिल सकें और युवा खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ सकें।
निरीक्षण के दौरान नरेला के विधायक राज करण खत्री, भाजपा जिलाध्यक्ष एवं निगम में मनोनीत सदस्य विनोद सहरावत, पार्षद योगेश राणा, मनोनीत सदस्य लक्ष्मण आर्य, बाहरी उत्तर क्षेत्र के उपायुक्त राघवेंद्र मीणा सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
महापौर ने अलीपुर वार्ड में सफाई व्यवस्था का जायजा लेते हुए कहा कि स्वच्छता को लेकर निगम गंभीर है और व्यवस्था में लगातार सुधार के प्रयास किए जा रहे हैं।
इसके बाद महापौर ने टिकरी खुर्द स्थित स्वर्ण जयंती विहार में जल निकासी व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नाले की उचित तरीके से सफाई कराने और जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
नरेला वार्ड की गौतम कॉलोनी में रेलवे लाइन के समीप जलभराव की समस्या को देखते हुए महापौर ने नाले की गाद निकालने (डिसिल्टिंग) के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी