महापौर ने खिचड़ीपुर एवं पटपड़गंज वार्ड का किया निरीक्षण

 


- नागरिक सुविधाओं, शिक्षा एवं स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के दिए निर्देश

नई दिल्ली, 08 जून (हि.स.)। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने सोमवार को वार्ड संख्या 167 (खिचड़ीपुर) एवं वार्ड संख्या 168 (पटपड़गंज) का व्यापक निरीक्षण कर क्षेत्र में उपलब्ध नागरिक सुविधाओं, शिक्षा, स्वच्छता एवं आधारभूत ढांचे की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने खिचड़ीपुर स्थित ब्लॉक-8 में वरिष्ठ नागरिक केंद्र का दौरा किया तथा वहां आवश्यक विकास कार्य शीघ्र कराने के निर्देश दिए। इसके पश्चात उन्होंने समीपवर्ती पार्क का निरीक्षण कर सिंचाई व्यवस्था को बेहतर बनाने हेतु छोटा मोटर पंप लगाने के निर्देश दिए। एक अन्य पार्क में सुरक्षा एवं सौंदर्यीकरण के दृष्टिगत प्रवेश द्वार लगाने तथा चारदीवारी के निर्माण के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

महापौर ने क्षेत्र में स्थित सुलभ शौचालय का निरीक्षण करते हुए पाया कि उसके बाहर अतिक्रमण किया गया है। उन्होंने संबंधित विभागों को तत्काल प्रभाव से अतिक्रमण हटाने तथा आम नागरिकों की सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके उपरांत महापौर ने निगम विद्यालय का दौरा कर विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय में पेयजल, पंखों, बेंचों, शौचालयों एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा अधिकारियों को सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध रूप से दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

महापौर ने कहा कि दिल्ली नगर निगम के विद्यालयों में अध्ययनरत प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना निगम की प्राथमिकता है। विद्यालय खुलने से पूर्व सभी निगम स्कूलों में आरओ आधारित स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था उपलब्ध हो, ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

इसके बाद महापौर ने ब्लॉक-7 स्थित धोबी घाट का निरीक्षण किया तथा उसकी वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधार एवं रखरखाव संबंधी दिशा-निर्देश अधिकारियों को दिए।

निरीक्षण के दूसरे चरण में महापौर ने वार्ड संख्या 168 पटपड़गंज का दौरा कर क्षेत्र की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को स्वच्छता संबंधी कार्यों में और अधिक प्रभावशीलता लाने तथा नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने हेतु आवश्यक निर्देश दिए।

महापौर ने सफाई कर्मचारियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि सफाई कर्मचारी एमसीडी की नींव हैं। भीषण गर्मी और कठिन परिस्थितियों में भी वे नियमित रूप से अपने दायित्वों का निर्वहन कर शहर को स्वच्छ बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी सफाई कर्मचारियों को नियमित रूप से ओआरएस के पैकेट वितरित किए जाएं, जिससे वे गर्मी के मौसम में स्वस्थ रह सकें।

उन्होंने सैनिटेशन स्क्वाड वाहनों के प्रभावी उपयोग पर बल देते हुए कहा कि इन वाहनों के माध्यम से नागरिकों, विशेषकर आरडब्ल्यूए एवं स्थानीय समुदायों को गीले एवं सूखे कचरे के पृथक्करण के प्रति जागरूक किया जाए। महापौर ने स्वच्छता अभियान को जन आंदोलन बनाने के लिए नागरिकों से सक्रिय सहभागिता की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ दिल्ली के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है।

महापौर ने कहा कि दिल्ली सरकार केे नेतृत्व में राजधानी में नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ करने एवं स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। नगर निगम भी इसी संकल्प के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करेगा कि निरीक्षण के दौरान दिए गए सभी निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन हो तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

इस अवसर पर संबंधित वार्ड के पार्षद देवेंद्र कुमार एवं रेणु चौधरी, अतिरिक्त आयुक्त पंकज नरेश अग्रवाल, उपायुक्त शाहदरा दक्षिण वैरोकपम पुंशीबा सिंह तथा अन्य वरिष्ठ निगम अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी