महापौर ने उत्तर पश्चिम क्षेत्र के वार्ड नंबर 51 एवं 53 का किया निरीक्षण

 


नई दिल्ली, 14 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने दिल्ली को कूड़े से आजादी अभियान के अंतर्गत सोमवार को उत्तर पश्चिम क्षेत्र के वार्ड नंबर 51 एवं 53 का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। महापौर ने गार्बेज वल्नरेबल पॉइंट्स पर स्थापित किए जा रहे कॉम्पेक्टरो के निर्माण कार्य का भी जायजा लिया।

महापौर प्रवेश वाही ने बाहरी रिंग रोड पर स्थित काली माता मंदिर के पास लगे कूड़े के ढेर को देखकर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के समय ये हाल है तो आम दिनों में यहां कैसी सफाई व्यवस्था रहती होगी। महापौर ने संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने एवं कन्सेशनियर पर भारी जुर्माना लगाने के आदेश दिए। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि मंदिर में भंडारा आयोजित करने के पश्चात सफाई का विशेष ध्यान रखे या फिर दिल्ली नगर निगम के अधिकारियों को सफाई के संबंध में निवेदन करें।

महापौर ने कहा कि दिल्ली की सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वार्ड स्तर पर कूड़ा प्रबंधन को मजबूत करने, समयबद्ध तरीके से कचरे का निस्तारण सुनिश्चित करने और सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने के लिए नगर निगम के अधिकारियों को निरंतर जमीनी स्तर पर काम करने के निर्देश दिए।

प्रवेश वाही ने उत्तर पश्चिम दिल्ली के वार्ड नंबर-51 में स्थित सफेदा वाला पार्क के निकट स्थित निर्माणाधीन कॉम्पेक्टर का निरीक्षण किया एवं अधिकारियों को इसका निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूरा करने के आदेश दिए। उन्होंने ई और एफ ब्लॉक प्रशांत विहार का निरीक्षण किया और वहां चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से सड़क पर स्थित अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए।

महापौर ने रोहिणी सेक्टर-3 में स्थित निर्माणाधीन कॉम्पेक्टर का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को इसे भी जल्द से जल्द चालू करने के निर्देश दिए। वाही ने कहा कि दिल्ली नगर निगम की गार्बेज वल्नरेबल पॉइंट्स पर कॉम्पेक्टर मशीन स्थापित करने की योजना है ताकि कूड़े का निस्तारण सही तरीके से किया जा सके। महापौर ने कहा की कूड़ा मुक्त एवं स्वच्छ दिल्ली बनाने की इस मुहिम में नागरिकों के सहयोग की आवश्यकता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वो घर से निकलने वाले कूड़े को स्त्रोत पर ही पृथक करके उसका निस्तारण करें।

निरीक्षण में दिल्ली नगर निगम की निर्माण समिति के उपाध्यक्ष एवं वार्ड नंबर-53 के पार्षद धर्मवीर शर्मा, उत्तर पश्चिम क्षेत्र के उपायुक्त अंशुल सिरोही सहित दिल्ली नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी