महापौर ने पूठ गांव स्थित मैत्रेयी मिड डे मील किचन का किया निरीक्षण
नई दिल्ली, 05 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने सोमवार को पूठ गांव स्थित मैत्रेयी मध्याह्न भोजन रसोई (मिड डे मील किचन) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान महापौर ने भोजन बनाने के स्थल, कर्मचारियों द्वारा स्वच्छता मानकों का पालन, तय मानकों के अनुरूप खाद्य सामग्री का प्रयोग इत्यादि बिंदुओं की गहनता से जांच की।
महापौर ने रसोई घर की साफ सफाई पर संतोष प्रकट किया और स्वच्छ वातावरण में भोजन पकाया जाने पर संतुष्टि जाहिर की। उन्होंने कहा कि दिल्ली नगर निगम के विद्यालयों में मध्याह्न भोजन की आपूर्ति करने वाली रसोइयां पांच सितारा होटलों जितनी साफ एवं सुसज्जित हैं।
महापौर प्रवेश वाही ने निरीक्षण के दौरान सुबह की पाली के विद्यालयों के लिए कढ़ी चावल एवं शाम की पाली के विद्यालयों के लिए पूरी सब्जी का निरीक्षण किया एवं भोजन की गुणवत्ता पर संतोष जाहिर किया। महापौर ने सुबह की पाली के विद्यालयों के लिए बनाए गए कढ़ी चावल को चखा और भोजन की गुणवता पर संतुष्टि व्यक्त की।
प्रवेश वाही ने कहा कि पीएम पोषण अभियान के अंतर्गत मध्याह्न भोजन रसोई को हर प्रकार की मदद जैसे खाद्य सामग्री एवं वित्तीय सहायता समय से उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने कहा कि निगम विद्यालयों में छोटे-छोटे बच्चे पढ़ने के लिए आते हैं और उनके सर्वांगीण विकास के लिए मध्याह्न भोजन एक अहम भूमिका निभा रहा है और भोजन की गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का कोई समझौता नहीं किया जायेगा। उन्होंने कहा कि भोजन की गुणवत्ता को सुनिश्चित रखने के लिए वे हर सप्ताह एक मिड डे मील किचन का औचक निरीक्षण करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी