महापौर ने दिल्ली विवि में आरआरआर केंद्र एवं सेल्फी प्वाइंट का किया उद्घाटन
नई दिल्ली, 07 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने मंगलवार को दिल्ली विश्वविद्यालय में ढलाव घर को परिवर्तित कर बनाए गए रिड्यूस, रीयूज़ एवं रिसाइकल (आरआरआर) केंद्र एवं सेल्फी प्वाइंट का उद्घाटन किया। इस आरआरआर केंद्र एवं सेल्फी प्वाइंट का रूपांतरण दिल्ली विश्वविद्यालय के मिरांडा हाउस कॉलेज की सहायता से किया गया है।
महापौर प्रवेश वाही ने इस अवसर पर कहा कि दिल्ली से कूड़े के पहाड़ों को खत्म करने में हमें जनता का सहयोग अपेक्षित है। उन्होंने कहा कि हम कचरे को स्त्रोत पर ही गीले एवं सूखे कूड़े में पृथक कर कूड़े के पहाड़ों को खत्म करने में अपना योगदान दे सकते हैं। प्रवेश वाही ने ढलाव घर को आर आर आर केंद्र में परिवर्तित करने के लिए मिरांडा हाउस कॉलेज की प्रधानाचार्य, शिक्षकों एवं एन सी सी के छात्रों का धन्यवाद किया। उन्होंने बताया कि मिरांडा हाउस कॉलेज में कागज का पुनः चक्रण कर इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस मॉडल को हम पूरी दिल्ली में लागू कर सकते हैं।
महापौर ने बताया कि सिविल लाइंस क्षेत्र में बनाया गया यह आर आर आर केंद्र ( रिड्यूस, रीयूज़ एवं रिसाइकल) केंद्र बेकार चीज़ों के दोबारा इस्तेमाल के जरिए कचरे को सार्वजनिक संपत्ति के रूप में परिवर्तित करने की अवधारणा पर कार्य करता है। उन्होंने बताया कि इस केंद्र के निर्माण में 45 बेकार टायर एवं 3000 से अधिक पुरानी ईंटों का इस्तेमाल किया गया है।
प्रवेश वाही ने कहा कि यह आर आर आर केंद्र एक सामुदायिक एकत्रण केंद्र के रूप में कार्य करेगा जहां लोग पुराने कपड़े,खिलौने और ई वेस्ट दान कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि इससे चीजों को पुनः चक्रण के बाद इस्तेमाल में लाया जा सकेगा।
महापौर ने कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा संकल्पित स्वच्छ एवं हरित दिल्ली के लक्ष्य को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली नगर निगम स्वच्छ एवं बेहतर दिल्ली बनाने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है।
इस अवसर पर निगम पार्षद इंद्रजीत सहरावत, सिविल लाइंस क्षेत्र के उपायुक्त शशि प्रताप सिंह, मिरांडा हाउस कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉ बिजयलक्ष्मी नंदा एवं दिल्ली नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी