महापौर ने माता गुजरी अस्पताल में 13-बेड वाले एनआईसीयू एवं आधुनिक चिकित्सा उपकरणों का किया लोकार्पण

 




नई दिल्ली, 18 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने शुक्रवार को तिलक नगर स्थित माता गुजरी अस्पताल में नवजात शिशुओं एवं मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए शुक्रवार को 13 बिस्तरों वाले नवजात गहन चिकित्सा इकाई (एनआईसीयू) का लोकार्पण किया। उन्होंने चक्षु रोग, अस्थि रोग तथा कई अन्य आधुनिक चिकित्सा उपकरणों को भी जनता के लिए समर्पित किया।

साथ ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की शुरू की गई प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के लाभार्थी एवं दिल्ली नगर निगम के कर्मचारियों के लिए विशेष वार्ड का भी लोकार्पण किया ।

इस अवसर पर महापौर प्रवेश वाही ने दिल्ली की लोकप्रिय मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के दिशा निर्देश में सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत की गई है।

इस अस्पताल में नवजात गहन चिकित्सा इकाई (एनआईसीयू ) में 13 बेड की सुविधा उपलब्ध होने से गंभीर स्थिति वाले नवजात शिशुओं को अस्पताल में ही आवश्यक गहन चिकित्सा एवं निगरानी की सुविधा मिल सकेगी। इसके साथ ही अस्पताल में कलर डॉप्लर अल्ट्रासाउंड मशीन, अस्थि रोग सर्जरी के लिए सी-आर्म मशीन, आंखों से संबंधित रोगों के निवारण के लिए ऑप्टिकल कोहेरेन्स टोमोग्राफी एवं फेको मशीन जैसे आधुनिक चिकित्सा उपकरण भी उपलब्ध कराए गए हैं। इससे मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने में सहायता मिलेगी।

महापौर प्रवेश वाही ने अपने संबोधन में घोषणा करते हुए कहा कि निकट भविष्य में ही यहां सीटी स्कैन मशीन भी स्थापित की जाएगी । अब माता गुजरी अस्पताल में ई-रजिस्ट्रेशन की सुविधा उपलब्ध है तथा यहां कलर कोड के आधार पर अस्पताल में प्रतिदिन बिस्तरों की चादरें बदली जाती है। यहां प्रतिदिन लगभग 1600 से अधिक रोगियों की ओपीडी होती है। इन बढ़ती स्वास्थ्य सुविधाओं का उद्देश्य अस्पताल में आने वाले मरीजों एवं कर्मचारियों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ और व्यवस्थित बनाना है।

इस अवसर पर महापौर कहा कि दिल्ली नगर निगम का लक्ष्य नागरिकों को बेहतर आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ कराना है। अस्पतालों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करना निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने कहा कि आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं और आवश्यक उपकरणों के विस्तार से नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। इससे चिकित्सा की गुणवत्ता में और सुधार होगा।

इस कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त करते हुए निगम में स्थाई समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में आधुनिक तकनीक का समावेश इस समय की आवश्यकता है। इन आधुनिक उपकरणों से अस्पताल की कार्यक्षमता में वृद्धि होगी तथा नागरिकों को इसका भरपूर लाभ मिल सकेगा।

लोकार्पण के इस कार्यक्रम में पश्चिमी क्षेत्र के वार्ड समिति के अध्यक्ष हरिश ओबरॉय विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्र के निगम पार्षद अशोक मानु ने की।

लोकार्पण के अवसर पर निगम के अतिरिक्त आयुक्त (स्वास्थ्य) पंकज नरेश अग्रवाल, उपायुक्त (पश्चिमी क्षेत्र) कर्नल विनोद अत्री, निदेशक अस्पताल प्रशासन डॉ. अनुज नारायण माथुर तथा माता गुजरी अस्पताल की चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अलका गुप्ता सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी