महापौर ने 135 इलेक्ट्रिक स्वच्छता वाहनों को दिखाई हरी झंडी, रोहिणी क्षेत्र में शामिल होंगे 46 वाहन

 


नई दिल्ली, 18 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने एवं दिल्ली नगर निगम के स्वच्छता ढांचे को मजबूती प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने शनिवार को रोहिणी क्षेत्र के सेक्टर 10 में आयोजित कार्यक्रम में 135 इलेक्ट्रिक स्वच्छता वाहनों को झंडी दिखाई।

यह इलेक्ट्रिक वाहन दिल्ली नगर निगम के रोहिणी, नरेला, सिविल लाइंस एवं केशवपुरम क्षेत्र के स्वच्छता बेड़े को सुदृढ़ करेंगे।

इस अवसर पर दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के स्वच्छता बेड़े में शामिल हुए 135 वाहनों में से 46 वाहन रोहिणी क्षेत्र में कार्य करेंगे। प्रवेश वाही ने कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा नई इलेक्ट्रिक वाहन नीति आरंभ की गई है। उन्होंने कहा कि इसी नीति के अंतर्गत एवं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के स्वच्छ एवं हरित दिल्ली की संकल्पना को साकार करते हुए इन इलेक्ट्रिक स्वच्छता वाहनों को शामिल किया गया है।

महापौर ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में दिल्ली के विकास के कार्य एकदम रुक गए थे और दिल्ली का विकास अवरुद्ध हो गया था। उन्होंने कहा कि जबसे मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली भाजपा की सरकार दिल्ली में आई है तबसे दिल्ली की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए काफी संख्या में आधुनिक मशीनें दिल्ली नगर निगम को प्राप्त हुई हैं जिससे दिल्ली की स्वच्छता व्यवस्था में सुधार लाने का कार्य किया जा रहा है।

प्रवेश वाही ने कहा कि नगर निगम राजधानी को स्वच्छ, हरित और सुंदर शहर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। सभी पार्षद भी इस कार्य में मिशन मोड में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली नगर निगम के सभी क्षेत्रों में योजनाबद्ध एवं व्यवस्थित तरीके से स्वच्छता संसाधनों का विस्तार किया जा रहा है ताकि निगम की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।

प्रवेश वाही ने कहा कि दिल्ली नगर निगम के स्वच्छता बेड़े में इलेक्ट्रिक वाहनों को शामिल करना स्वच्छ एवं हरित दिल्ली के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि यह पहल घर-घर से अपशिष्ट संग्रहण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

महापौर ने कहा कि ठोस कचरा प्रबंधन के नए नियमों के अनुसार कचरे को चार श्रेणियों में पृथक करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कचरे के स्रोत पर पृथक करके एवं गीले कचरे के स्रोत पर निस्तारण के द्वारा हम कूड़े को लैंडफिल साइटों पर जाने से रोक सकते हैं। प्रवेश वाही ने कहा कि दिल्ली को साफ एवं स्वच्छ रखना नगर निगम का प्राथमिक कर्तव्य है लेकिन इस मुहिम में हमें दिल्ली के नागरिकों का भी सहयोग चाहिए। सभी मिलकर दिल्ली को स्वच्छ हरित एवं सुंदर बना सकते हैं।

इस अवसर पर स्थानीय पार्षद नरेंद्र कुमार सिंह, धर्मवीर शर्मा, स्मिता कौशिक, पूनम सैनी, रोहिणी क्षेत्र के उपायुक्त अंशुल सिरोही सहित दिल्ली नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी