महापौर ने नरेला क्षेत्र में 56 अतिरिक्त वाहनों को हरी झंडी दिखाकर सफाई बेड़े में किया शामिल

 


नई दिल्ली, 01 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने नरेला क्षेत्र की सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु नरेला क्षेत्र के सफाई बेड़े में बुधवार को 56 अतिरिक्त वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रवेश वाही ने कहा कि निगम अब तक तीन क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए अतिरिक्त वाहनों को शामिल कर चुके हैं।

इस दौरान महापौर के साथ उत्तर पश्चिम दिल्ली के सांसद योगेंद्र चांदोलिया, दिल्ली नगर निगम में नेता सदन जय भगवान यादव भी मौजूद रहें।

इस अवसर पर महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि निगम अब तक तीन क्षेत्रों रोहिणी, शाहदरा उत्तरी एवं शाहदरा दक्षिणी में सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए अतिरिक्त वाहन शामिल कर चुके हैं और आज नरेला क्षेत्र को मिलाकर यह संख्या चार हो गई है। उन्होंने कहा कि जल्द ही नगर निगम के शेष क्षेत्रों में भी अतिरिक्त वाहन शामिल कर लेंगे।

प्रवेश वाही ने बताया कि नरेला क्षेत्र में 32 ऑटो टिप्पर,16 हाइवा ट्रक एवं 8 जेसीबी सहित कुल 56 अतिरिक्त वाहनों को शामिल किया गया है।

महापौर ने कहा कि नरेला क्षेत्र के उपायुक्त एवं डेम्स विभाग के कार्यकारी अभियंता सुनिश्चित करें कि इन अतिरिक्त वाहनों का प्रयोग क्षेत्र की सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्य सड़कों पर कहीं भी कूड़ा नजर नहीं आना चाहिए। प्रवेश वाही ने कहा कि हरियाणा एवं पंजाब की तरफ से आते हुए जैसे ही दिल्ली में प्रवेश करते हैं तो सबसे पहले नरेला आता है और नरेला का क्षेत्र ऐसा दिखना चाहिए कि देश की राजधानी में आए हैं।

प्रवेश वाही ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छ भारत एवं दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के स्वच्छ एवं हरित दिल्ली के स्वप्न को साकार करने के लिए नगर निगम प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को अपनी आदत बनाना होगा और जगह-जगह कूड़ा डालने की आदत पर सख्ती बरतनी होगी।

महापौर ने कहा कि निगम सफाई कर्मचारियों के हितों का भी ध्यान रख रही हैं और उन्हें पक्का करने की दिशा में भी कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अभी हाल ही में सफाई कर्मचारियों की वरिष्ठता सूची जारी की है। प्रवेश वाही ने कहा कि दिल्ली को स्वच्छ रखना केवल दिल्ली नगर निगम की ही जिम्मेदारी नहीं है बल्कि इस कार्य में हमें नागरिकों का सहयोग भी चाहिए। उन्होंने नागरिकों से अनुरोध किया कि कूड़े को चार श्रेणियों में पृथक कर कूड़ा गाड़ी में ही डालें।

उत्तर पश्चिम दिल्ली के सांसद योगेंद्र चांदोलिया ने कहा कि जब वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से स्वच्छ भारत का अगाज किया तो उस समय दिल्ली का महापौर था और यह सोचने पर मजबूर होना पड़ा कि प्रधानमंत्री स्वच्छता को लेकर जागरूक है। उन्होंने कहा कि यह प्रत्येक दिल्लीवासी की जिम्मेदारी है कि हमारे आसपास कूड़ा नहीं रहना चाहिए।

दिल्ली नगर निगम में नेता सदन एवं स्थायी समिति सदस्य जय भगवान यादव ने कहा कि अधिकारी सुनिश्चित करें कि यह गाड़ियां सुचारू रूप से चलें और निगम की यह कोशिश होनी चाहिए कि सभी 12 क्षेत्रों में सबसे सुंदर नरेला क्षेत्र होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी सफाई निरीक्षकों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारी है कि सड़क पर कहीं भी कूड़ा नजर नहीं आना चाहिए।

इस अवसर पर निगम की ग्रामीण समिति के अध्यक्ष योगेश राणा, नरेला क्षेत्र की अध्यक्ष बबीता डबास, नरेला क्षेत्र की उपाध्यक्ष जनता देवी, पार्षद अंजू देवी, नगर निगम में मनोनीत सदस्य विनोद सहरावत एवं लक्ष्मण आर्य, उपायुक्त नरेला क्षेत्र राघवेंद्र मीणा सहित दिल्ली नगर निगम के अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी