महापौर ने मादीपुर में स्वच्छता अभियान का किया नेतृत्व, वीर सावरकर पार्क के सौंदर्यीकरण एवं नवीनीकरण कार्यों का उद्घाटन
नई दिल्ली, 22 जून (हि.स.)। स्वच्छ, सुंदर और हरित दिल्ली के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने सोमवार को पश्चिमी क्षेत्र के मादीपुर में स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत विशेष स्वच्छता अभियान का नेतृत्व किया। इस अवसर पर महापौर ने स्वच्छता कर्मियों के साथ मिलकर क्षेत्र में सघन सफाई अभियान चलाया तथा नागरिकों से स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय सहभागिता की अपील की।
महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा प्रारंभ किया गया स्वच्छ भारत अभियान आज जन-जन का अभियान बन चुका है। स्वच्छता केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि जनभागीदारी से ही स्थायी रूप से सुनिश्चित की जा सकती है। उन्होंने कहा कि दिल्ली नगर निगम राजधानी को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
इस अवसर पर महापौर ने मादीपुर स्थित वीर सावरकर पार्क में कराए गए सौंदर्यीकरण एवं नवीनीकरण कार्यों का उद्घाटन भी किया। पार्क में विकसित नई सुविधाओं और हरित वातावरण से स्थानीय नागरिकों, विशेषकर बच्चों एवं वरिष्ठ नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक स्थान उपलब्ध होगा।
कार्यक्रम के दौरान महापौर ने प्रधानमंत्री मोदी की प्रेरणा से चलाए जा रहे ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधारोपण भी किया। उन्होंने कहा कि यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ मातृ सम्मान का भी प्रतीक है और प्रत्येक नागरिक को इसमें बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए।
महापौर ने कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में राजधानी के समग्र विकास, स्वच्छता और हरित क्षेत्र विस्तार को लेकर विभिन्न स्तरों पर सकारात्मक प्रयास किए जा रहे हैं। दिल्ली नगर निगम भी इन प्रयासों को गति देने के लिए प्रतिबद्ध है और नागरिक सुविधाओं के उन्नयन हेतु निरंतर कार्य कर रहा है।
महापौर ने सभी नागरिकों से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सार्वजनिक संपत्तियों के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छ और विकसित दिल्ली का निर्माण सामूहिक प्रयासों से ही संभव है।
कार्यक्रम में विधायक कैलाश गंगवाल, निगम पार्षद सुमन त्यागी, उपायुक्त कर्नल विनोद अत्री, स्वच्छता कर्मी, निगम अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी