महापौर ने शकूरपुर में ‘आरोग्य मंदिर’ का किया शिलान्यास

 


नई दिल्ली, 19 मार्च (हि.स.)। दिल्ली के महापौर राजा इकबाल सिंह ने नागरिकों को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए गुरुवार को शकूरपुर क्षेत्र में ‘आरोग्य मंदिर’ का शिलान्यास किया। इस अवसर पर कॉरपोरेट मामलों और सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर राजा इकबाल सिंह ने कहा कि दिल्ली सरकार और नगर निगम जनहित के लिए निरंतर कार्य कर रही है। 'आरोग्य मंदिर' जैसी पहलें इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं, जिससे लोगों को उनके क्षेत्र में ही सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।

उन्होंने कहा कि, दिल्ली नगर निगम का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है। आरोग्य मंदिर के निर्माण से स्थानीय स्तर पर प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी और नागरिकों को छोटे-छोटे उपचार के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।

महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि निर्माण कार्य को समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए, ताकि नागरिकों को शीघ्र लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि नगर निगम नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने एवं शहरी स्वास्थ्य तंत्र को सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है और इसी कड़ी में आरोग्य मंदिर जैसी पहलें महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने सबसे पहले हिंदू नव वर्ष के अवसर पर दिल्ली के लोगों और पूरे देश को बधाई के साथ ही चैत्र नवरात्रि की भी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस शुभ दिन पर दिल्ली सरकार के नेतृत्व में एक परियोजना शुरू हो गई है जिसकी योजना सरकार बने के समय बनाई गई थी।

कार्यक्रम के दौरान अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने निगम द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की और कहा कि इस प्रकार की योजनाएं आम नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में सहायक होती हैं।

इस अवसर पर विधायक अभय वर्मा, शाहदरा साउथ जोन के अध्यक्ष, पार्षद राम किशोर शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ निगम अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी