श्याम नगर में 'माता रेवतीबाई संस्कार केंद्र' का शुभारंभ, बच्चों में संस्कार और राष्ट्रभाव जागृत करने पर बल
नई दिल्ली, 15 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में विद्या भारती दिल्ली प्रांत के सेवा शिक्षा विभाग के तत्वावधान में सरस्वती बाल मंदिर, राजौरी गार्डन द्वारा श्याम नगर स्थित नरेंद्र नाथ मेमोरियल ट्रस्ट परिसर में माता रेवतीबाई संस्कार केंद्र का शुभारंभ किया गया। केंद्र का नाम राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के आद्य सरसंघचालक डॉ केशव बलिराम हेडगेवार की माता रेवतीबाई की स्मृति में रखा गया है।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत कार्यवाह अनिल गुप्ता ने दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ किया। इस अवसर पर दिल्ली प्रांत के कुटुंब प्रबोधन गतिविधि के संयोजक विनय गुप्ता तथा नरेंद्र नाथ मेमोरियल ट्रस्ट के अध्यक्ष पुरुषोत्तम विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि अनिल गुप्ता ने कहा कि संस्कार केंद्र बच्चों को केवल औपचारिक शिक्षा तक सीमित नहीं रखते, बल्कि उन्हें भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक समरसता से भी जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि संस्कारित बालक ही सशक्त समाज और समर्थ राष्ट्र के निर्माण की आधारशिला होते हैं। उन्होंने 'ॐ' के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्व पर भी प्रकाश डाला तथा विद्या भारती के पूर्व छात्र के रूप में अपने अनुभव साझा किए।
विद्या भारती दिल्ली प्रांत के प्रांत संयोजक नरेंद्र दत्त ने बताया कि यह सरस्वती बाल मंदिर, राजौरी गार्डन का छठा, पश्चिमी विभाग का 29वां तथा विद्या भारती दिल्ली प्रांत का 122वां संस्कार केंद्र है। उन्होंने कहा कि इन केंद्रों के माध्यम से बच्चों में भारतीय संस्कृति, राष्ट्रभक्ति, सामाजिक समरसता और श्रेष्ठ जीवन मूल्यों का विकास किया जाता है। कार्यक्रम के दौरान बाल पुस्तकालय और स्वाध्याय योजना का भी शुभारंभ किया गया तथा विद्यार्थियों को उपहार वितरित किए गए।
समारोह में संस्कार केंद्र के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, संस्कार गीत और कविताओं की प्रस्तुतियां दीं।
इस अवसर पर क्षेत्रीय सेवा प्रभारी एवं विभाग अध्यक्षा गीता आहूजा, प्रांत सेवा शिक्षा प्रमुख विनोद शर्मा, प्रांत प्रचार प्रमुख डॉ. शैलेश भारद्वाज सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी