‘मन की बात’ कार्यक्रम को दिल्ली में भाजपा नेताओं ने 6786 स्थानों पर सुना
नई दिल्ली, 25 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 139वें संस्करण को रविवार को दिल्ली के 6786 विभिन्न बूथों पर दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा सहित पार्टी नेताओं ने सुना। आज से दिल्ली भाजपा युवा मोर्चा ने भी सभी 14 संगठनात्मक जिलों में मन की बात युवाओं के बीच सुनने का कार्यक्रम शुरू किया। युवा मोर्चा अध्यक्ष रजत शर्मा ने बाहरी दिल्ली जिला युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं के साथ मन की बात सुनी।
दिल्ली भाजपा ‘मन की बात’ कार्यक्रम के संयोजक रमेश शोखंदा ने बताया कि आज दिल्ली के 6786 विभिन्न बूथों पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुना गया। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सांसद योगेंद्र चंदोलिया, विधायक राजकरण खत्री, जिला अध्यक्ष विनोद सहरावत, निगम पार्षद योगेश राणा सहित अन्य व्यक्तियों और स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुना।
गोकलपुरी स्थित अंबेडकर कॉलेज में दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने सांसद मनोज तिवारी, राष्ट्रीय अध्यक्ष ओबीसी मोर्चा अमरपाल मौर्य, दिल्ली प्रदेश ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष संतोष पाल, मुख्य प्रवक्ता डॉ. अनिल गुप्ता, कार्यालय मंत्री कैलाश जैन, जिला अध्यक्ष मास्टर विनोद, मन की बात सह संयोजक मुकेश सूर्यान और कार्यक्रम संयोजक दर्शन सिंह की उपस्थिति में कॉलेज के छात्रों के साथ ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुना।
सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने आज ईस्ट ऑफ कैलाश, ब्लॉक-बी स्थित सीनियर सिटिजंस रिक्रिएशन सेंटर में निगम पार्षद राजपाल सिंह के साथ ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुना। सांसद बांसुरी स्वराज ने जिला अध्यक्ष वीरेंद्र बब्बर और स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ वेस्ट पटेल नगर स्थित गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुना। निवर्तमान अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने मंडावली मंडल में जिलाध्यक्ष विजेंद्र धामा एवं स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ मन की बात सुनी।
पूर्व अध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने मालवीय नगर विधानसभा के बूथ 106 पर स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ प्रधान मंत्री के मन की बात सुनी। प्रदेश महामंत्री विष्णु मित्तल, योगिता सिंह एवं मोहनलाल गिहारा ने विभिन्न मंडलों में प्रधान मंत्री के मन की बात सुनी।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की ‘मन की बात’ केवल संवाद का कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के करोड़ों नागरिकों की सामूहिक शक्ति, प्रतिभा, परिश्रम और सेवा भावना को पहचान देने वाला एक अनूठा मंच है। आज ‘मन की बात’ के 139वें संस्करण के माध्यम से प्रधानमंत्री जी ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि भारत की वास्तविक शक्ति उसके सामान्य नागरिकों, किसानों, महिलाओं, युवाओं, वैज्ञानिकों और समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी में निहित है।
मल्होत्रा ने कहा कि ‘मन की बात’ के 12 वर्ष पूरे होना अपने आप में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इन वर्षों में प्रधानमंत्री जी ने देश के उन लोगों और पहलों को राष्ट्रीय पहचान दिलाई है, जिनके कार्य सामान्यतः स्थानीय स्तर तक सीमित रह जाते हैं। पंजाब की नव-त्रिंजन पहल से लेकर उत्तराखंड में हेवल नदी के संरक्षण तक, प्रधानमंत्री ने आज ऐसे अनेक उदाहरण देश के सामने रखे, जो आत्मनिर्भरता, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी की शक्ति को प्रदर्शित करते हैं।
उन्होंने कहा कि ‘वोकल फॉर लोकल’ का संदेश आज केवल एक नारा नहीं रह गया है। भारत के स्थानीय उत्पाद अब वैश्विक बाजारों तक पहुंच रहे हैं। खादी, मिलेट्स, प्राकृतिक खेती और स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देकर हम अपने किसानों, कारीगरों, बुनकरों और छोटे उद्यमियों को आर्थिक रूप से मजबूत कर सकते हैं।
मल्होत्रा ने कहा कि ई-संजीवनी जैसी तकनीक आधारित स्वास्थ्य सेवाएं और आईआईटी मद्रास के सुधा गोपालकृष्णन ब्रेन सेंटर में हो रहा अत्याधुनिक अनुसंधान यह दिखाता है कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत परंपरा और आधुनिक विज्ञान, दोनों को साथ लेकर आगे बढ़ रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव