मालवीय नगर मेट्रो स्टेशन के पास सड़क हादसा, छह घायल, दो की हालत गंभीर

 


नई दिल्ली, 24 जून (हि.स.)। दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर मेट्रो स्टेशन के पास मंगलवार देर रात एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर और पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार सवार छह युवक-युवतियां घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

दक्षिणी जिले के पुलिस उपायुक्त अनंत मित्तल ने बताया कि देर रात दुर्घटना की सूचना मिलने पर जांच अधिकारी और पुलिस टीम तुरंत प्रेस एन्क्लेव रोड स्थित मालवीय नगर मेट्रो स्टेशन के पास पहुंची। मौके पर एक क्षतिग्रस्त स्विफ्ट कार मिली, जो सड़क किनारे पेड़ और डिवाइडर से टकराई हुई थी। पुलिस ने क्राइम टीम को बुलाकर घटनास्थल का निरीक्षण कराया और साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान पता चला कि दुर्घटना मंगलवार की रात करीब 11:40 बजे हुई थी। हादसे में घायल सोनू कनौजिया (21), अनीश कनौजिया (26) और प्रिंस कुमार (19) को मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। तीनों संगम विहार के निवासी हैं। बाद में पुलिस को मैक्स स्मार्ट अस्पताल से भी सूचना मिली, जहां इसी दुर्घटना में घायल छवि चोपड़ा (20), विक्की गुप्ता (35) और सोनू (26) को भर्ती कराया गया था। इनमें छवि चोपड़ा और विक्की गुप्ता को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि एक अन्य घायल की मेडिकल रिपोर्ट अभी सुरक्षित रखी गई है।

शुरुआती जांच में सामने आया है कि सभी घायल स्विफ्ट कार में सवार थे और कार अचानक बेकाबू होकर डिवाइडर तथा पेड़ से जा टकराई। हालांकि हादसे के समय घायल दर्द और चिकित्सकीय स्थिति के कारण बयान देने की स्थिति में नहीं थे। पुलिस ने पीसीआर कॉल, घटनास्थल के निरीक्षण और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि दुर्घटना तेज रफ्तार, लापरवाही या किसी अन्य कारण से हुई। मामले की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी