(अपडेट) मजलिस पार्क में इमारत की भूतल पार्किंग में लगी आग, सिलिंडर फटने से 14 झुलसे
नई दिल्ली, 22 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर-पश्चिमी जिले के मजलिस पार्क इलाके में रविवार सुबह एक इमारत की स्टिल्ट पार्किंग में आग लग गई। आग बुझाने और लोगों को सुरक्षित निकालने के दौरान रसोई गैस सिलिंडर में हुए धमाके से दिल्ली पुलिस और दमकल विभाग के छह कर्मियों समेत 14 लोग झुलस गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां से गंभीर रूप से झुलसे लोगों को सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त भीष्म सिंह ने रविवार काे बताया कि सुबह करीब 9 बजे गली नंबर-6 स्थित एक इमारत की भूतल पार्किंग में आग लगने की सूचना मिली। मौके पर दमकल की छह गाड़ियां और पुलिस पहुंची। पड़ोसियों की मदद से इमारत में फंसे लोगों को बाहर निकाला जा रहा था, तभी पार्किंग में रखे सिलिंडरों में से एक में जोरदार विस्फोट हो गया। धमाके के बाद आग तेजी से फैलकर दो मंजिलों तक पहुंच गई। घायलों में आदर्श नगर थाने के एएसआई संदीप, सिपाही राहुल, पीसीआर के एएसआई प्रेमपाल तथा तीन दमकल कर्मी वेद प्रकाश, सुरेश पहल, सीताराम समेत अन्य शामिल हैं। वहीं अन्य छह घायलों को बाबू जगजीवन राम अस्पताल तथा दाे लाेगाें को मैक्स अस्पताल ले जाया गया। बाद में गंभीर रुप से घायल लाेगाें को सफदरजंग अस्पताल भेजा गया।
दमकल अधिकारियों के अनुसार, सुबह करीब 10:50 बजे आग पर काबू पा लिया गया। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। परिजनों का कहना है कि पार्किंग में लगे पानी के मोटर से चिंगारी निकली, जिससे वहां रखे प्लास्टिक के सामान में आग लग गई और पास में रखे सिलिंडर ने आग पकड़ ली। पुलिस और दमकल विभाग आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच कर रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी