एलपीजी सिलेंडर ब्लास्ट से मकान ढहा, कई घायल, एक के दबे होने की आशंका
नई दिल्ली, 02 जून (हि.स.)। उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के मुकुंदपुर इलाके में मंगलवार सुबह एलपीजी सिलेंडर ब्लास्ट के बाद एक मकान ढह गया। हादसे के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग दहशत में आ गए। सूचना मिलते ही दमकल विभाग, दिल्ली पुलिस और अन्य बचाव एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।
दमकल विभाग के मुताबिक सुबह करीब 9:37 बजे जहांगीरपुरी थाना क्षेत्र के ईशु विहार, मुकुंदपुर-2 स्थित गली नंबर-1 में मकान गिरने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल की पांच गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। शुरुआती जांच में मकान गिरने की वजह एलपीजी सिलेंडर में हुए विस्फोट को माना जा रहा है, हालांकि अधिकारियों ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
दमकल अधिकारियों के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 10:10 बजे सूचना मिली कि लगभग 250 वर्ग गज क्षेत्रफल में बना एक मंजिला मकान अचानक भरभराकर ढह गया। इसके बाद मलबे में दबे लोगों की तलाश के लिए सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक हादसे के समय मकान के अंदर कई लोग मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बचाव दल ने मलबे से तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं दमकल विभाग को 10:30 बजे मिली सूचना के अनुसार चार से पांच लोग घायल हुए हैं, जिन्हें दमकल कर्मियों के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों और पीसीआर की मदद से अस्पताल पहुंचा दिया गया था।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि अभी भी एक व्यक्ति के मलबे में फंसे होने की आशंका है। इसी कारण बचाव दल जेसीबी और अन्य उपकरणों की मदद से मलबा हटाने का काम कर रहा है। पुलिस ने आसपास के इलाके को घेरकर लोगों की आवाजाही सीमित कर दी है। हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी