उपराज्यपाल ने लोधी गार्डन में बागवानी से जुड़ी विभिन्न पहलों का लिया जायजा
नई दिल्ली, 10 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने मंगलवार को लोधी गार्डन में दिल्ली नगर पालिका परिषद (एनडीएमसी) की नर्सरी का दौरा किया। उन्होंने वहां बागवानी से जुड़ी विभिन्न पहलों का जायजा लिया। इसमें हाई-टेक नर्सरी, ट्यूलिप ग्रोथ-कम-स्टोरेज चैंबर, कम्पोस्टिंग सुविधाएं, कैक्टस हाउस और 'ट्री एम्बुलेंस' शामिल हैं।
उपराज्यपाल ने एनडीएमसी को ट्यूलिप उगाने की एक स्वदेशी प्रक्रिया विकसित करने, मौसमी फूलों का दायरा बढ़ाने और स्थानीय प्रजातियों को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। उन्होंने स्थानीय ट्यूलिप की खेती को बढ़ावा देने, बागवानी क्षमताओं को मजबूत करने और शहर के हरित क्षेत्रों को संरक्षित करने की दिशा में एनडीएमसी के प्रयासों की भी सराहना की। इस दौरे के दौरान एनडीएमसी अध्यक्ष एम के द्विवेदी, उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल और परिषद के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
इस अवसर ने बागवानी में नवाचार, टिकाऊ हरित प्रथाओं और नई दिल्ली को अधिक स्वच्छ, हरित और सुंदर बनाने के प्रति एनडीएमसी की प्रतिबद्धता को एक बार फिर दोहराया।
इससे पहले उपराज्यपाल ने आज कड़कड़डूमा में 'ईस्ट दिल्ली हब' के एकीकृत विकास की समीक्षा की। इस दौरान विधायक ओपी शर्मा, वरिष्ठ अधिकारी और इंजीनियर भी मौजूद रहे। उन्होंने यहां सार्वजनिक परिवहन संपर्क को ध्यान में रखकर डिजाइन किए गए इस प्रोजेक्ट के तहत आवासीय टावरों, नागरिक सुविधाओं और हरित क्षेत्रों के निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया।
उपराज्यपाल ने दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) और निर्माण कार्य करने वाली एजेंसी एबीसीसी को निर्देश दिए कि वे आपसी तालमेल बेहतर रखें, लंबित कानूनी मंजूरियों की प्रक्रिया में तेजी लाएं और समय पर प्रोजेक्ट पूरा करके इसे सौंपें। उन्होंने पूर्वी दिल्ली, टिकाऊ और सुव्यवस्थित शहरी जीवन का एक बेहतरीन उदाहरण बनेगी। प्रोजेक्ट का परिणाम, तय किए गए विजन के अनुरूप ही होना चाहिए। यह विकसित दिल्ली की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव