उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने हिंदू राव अस्पताल का दौरा किया

 


नई दिल्ली, 25 मार्च (हि.स.)। दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने बुधवार को हिंदू राव अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज का दौरा कर स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की।

दौरे के दौरान उन्होंने मरीजों, चिकित्सा अधीक्षक और अस्पताल के कर्मचारियों से बातचीत की तथा सुविधाओं का जायजा लिया।

उपराज्यपाल ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर बताया कि दिल्ली की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने पर विस्तृत चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि नर्सिंग प्रशिक्षण को वैश्विक मानकों के अनुरूप विकसित कर स्वास्थ्य पेशेवरों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की विशेषज्ञता प्रदान की जा सकती है।

उन्होंने यह भी कहा कि स्वास्थ्यकर्मियों को वैश्विक आवश्यकताओं के अनुसार विदेशों में कार्य अनुभव प्राप्त करने के अवसर मिलेंगे, जिससे वे उन्नत कौशल हासिल कर देश की स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बना सकेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव