व्यापार, निवेश, सेवाओं को आसान बनाने और अनावश्यक नियमों को हटाने का निर्देश

 




नई दिल्ली, 29 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने व्यापार, निवेश और नागरिक-अनुकूल सेवाओं को आसान बनाने के लिए सभी विभागों को तेजी से काम करने का निर्देश दिया है।

उन्होंने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'ईज ऑफ डूइंग बिजनेस' और 'ईज ऑफ लिविंग' के विजन के अनुरूप दिल्ली में डीरेगुलेशन (विनियमन में ढील) और कंप्लायंस (अनुपालन) में कमी लाने की दिशा में हुई प्रगति की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और मंत्री आशीष सूद व मनजिंदर सिंह सिरसा भी शामिल हुए।

उपराज्यपाल ने सभी संबंधित विभागों और एजेंसियों को निर्देश दिया गया कि वे अनावश्यक नियमों को हटाने और अनुपालन प्रक्रियाओं को सरल बनाने की दिशा में तेजी लाएं। साथ ही ऐसे सुधारों को आगे बढ़ाया जाए जो उद्यमिता को बढ़ावा दें, रोजगार पैदा करें और दिल्ली को सभी के लिए रहने के लिहाज से और बेहतर शहर बनाएं।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि आज दिल्ली में अनावश्यक नियमों को कम करने और शासन-व्यवस्था को सरल बनाने के सुधारों की प्रगति का जायजा लेने के लिए उपराज्यपाल की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में भाग लिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 'ईज ऑफ डूइंग बिजनेस' (व्यापार में आसानी) और 'ईज ऑफ लिविंग' (जीवन-यापन में आसानी) के विजन के अनुरूप सभी विभागों को उन सुधारों में तेजी लाने का निर्देश दिया गया है जिनसे प्रक्रियाएं सरल हों, निवेश को बढ़ावा मिले, रोजगार के अवसर पैदा हों और बेहतर, तेज तथा नागरिक-अनुकूल सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार पारदर्शी, कुशल और जन-केंद्रित शासन-व्यवस्था के माध्यम से 'विकसित दिल्ली' के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव