दिल्ली के उपराज्यपाल ने विश्वविद्यालयों के कुलपतियों और निदेशकों के साथ की बैठक

 




नई दिल्ली, 20 मार्च (हि.स.)। उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने शुक्रवार को लोक निवास में बैठक करके दिल्ली के सभी विश्वविद्यालयों के कुलपतियों और निदेशकों के साथ बातचीत की।

उपराज्यपाल ने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि शिक्षा हमारे युवाओं और राष्ट्र के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है, विशेष रूप से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने के लिए यह जरुरी है। उन्होंने बदलती दुनिया में डिग्री के साथ-साथ रोजगार क्षमता बढ़ाने वाले कौशलों पर जोर दिया।

उपराज्यपाल ने शिक्षाविदों से कृत्रिम बुद्धिमत्ता और साइबर सुरक्षा जैसे उभरते क्षेत्रों में ध्यान केंद्रित करने की अपील की। उन्होंने संस्थानों को अपनी क्षमताओं और वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता को उन्नत करने के लिए अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक और औद्योगिक साझेदारी बनाने और उसका लाभ उठाने के लिए भी प्रोत्साहित किया।

उपराज्यपाल ने सभी संस्थानों से अगली बैठक में एक ठोस और समयबद्ध कार्य योजना प्रस्तुत करने का आग्रह किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव