उपराज्यपाल ने डीडीए के 1,647 नवनियुक्त कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे

 


नई दिल्ली, 07 मई (हि.स.)। दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने गुरुवार को यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) के एक समारोह में 1,647 नवनियुक्त कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इसमें 26 पदों पर 1,647 नवनियुक्त कर्मचारियों को पदभार ग्रहण कराया गया। इसके साथ ही प्राधिकरण के कर्मचारियों की संख्या में लगभग 55 फीसद की वृद्धि हुई है।

उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने नियुक्ति पत्र सौंपते हुए कहा कि ये नए कर्मचारी राष्ट्रीय राजधानी के विकास और भविष्य के लिए दीर्घकालिक दृष्टिकोण के संरक्षक हैं। यह पहल रोजगार सृजन और शासन प्रणाली को सुदृढ़ करने पर केंद्रित विकसित भारत के लिए प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण के अनुरूप है। उन्होंने कहा कि ये युवा कर्मचारी साल 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को आगे बढ़ाने में 'अमृत काल' के दौरान महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

उपराज्यपाल ने डीडीए के नए सदस्यों से सहानुभूति, सत्यनिष्ठा और समर्पण के साथ सेवा करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक सेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता संस्थागत विश्वसनीयता को और मजबूत करेगी और एक आधुनिक और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव